Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

संदेशखाली की महिलाओं से मिल सकते हैं मोदी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के साथ कथित यौन दुर्व्यहार के मामले में नया मोड़ आ सकता है। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के दौरे पर जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ पीड़ित महिलाओं से मिल सकते हैं। पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि प्रधानमंत्री छह मार्च को उत्तर 24 परगना के बारासात में एक रैली को संबोधित करेंगे। अगर उस समय संदेशखाली की महिलाएं उनसे मिलना चाहेंगी तो पार्टी की ओर से इसका बंदोबस्त किया जाएगा।

गौरतलब है कि भाजपा आरोप लगा रही है कि संदेशखाली में हिंदू महिलाओं के साथ ज्यादती हो रही है तो दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस इन खबरों को निराधार बता रही है। पिछले दिनों पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष अदालत के आदेश से संदेशखाली गए थे। बहरहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह मार्च को पश्चिम बंगाल जाएंगे। वे संदेशखाली के पास एक महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उत्तरी 24 परगना जिले में संदेशखाली से थोड़ी दूर पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी के पश्चिम बंगाल दौरे से ठीक पहले संदेशखाली हिंसा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा आंदोलन शुरू किया है। पार्टी नेताओं के संदेशखाली दौरे के बाद दिल्ली में भाजपा के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा- यह मुद्दा काफी गंभीर हो चुका है। घटना सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। ममता जी इसका अभी भी बचाव कर रही हैं।

संदेशखाली के दौरे पर गए नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी का दावा है कि महिलाओं ने उनके साथ रो रोकर आपबीती सुनाई। भाजपा ने संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है। भाजपा ने लिखा है- संदेशखाली का ऐसा सच जो हमारी अंतरात्मा को झकझोर कर रख देगा। ममता बनर्जी इस सच को छिपाने की कोशिश कर रही हैं। 20 मिनट 41 सेकेंड के इस वीडियो में महिलाएं अपनी आपबीती सुना रही हैं। इसमें एक महिला ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस का नेता शिबप्रसाद हाजरा यानी शिबू हाजरा उन्हें घर से उठवाकर ले जाता था।

Exit mobile version