Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पेरिस में मोदी और भाजपा पर राहुल का हमला

पेरिस। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूरोप दौरे के तीसरे दिन पेरिस की साइंसेज पो यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा दोनों पर हमला किया। राहुल ने कहा- सरकार हमारे गठबंधन ‘इंडिया’ के नाम से चिढ़ गई है। इसी वजह से देश का नाम बदलना चाहती है। उन्होंने कहा- मैंने गीता पढ़ी है। उपनिषद पढ़े हैं और कई हिंदू किताबें भी पढ़ी हैं। इस आधार पर मैं कह सकता हूं कि बीजेपी जो करती है, उसमें कुछ भी हिंदुवादी नहीं है। पेरिस के बाद राहुल को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो जाना है। वहां वे प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।

इससे पहले पेरिस में राहुल ने देश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा- भाजपा और आरएसएस भारत की निचली जाति, पिछड़ी जाति और इसके अलावा अल्पसंख्यकों की अभिव्यक्ति को रोकने की कोशिश कर रही हैं। मैं ऐसा भारत नहीं चाहता हूं, जहां लोगों के साथ बदसलूकी किया जाए। भाजपा पर हमला करते हुए राहुल ने कहा- ये बीजेपी के लोग हिंदू राष्ट्रवादी नहीं हैं। उनका हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। वे सत्ता पाने के लिए कुछ भी करते हैं। राहुल ने दावा किया- भारत में सिख समुदाय सहित 20 करोड़ लोग असहज महसूस कर रहे हैं। ये हमारे लिए शर्म की बात है। इसे ठीक करने की जरूरत है। ऐसे अल्पसंख्यक भी हैं, जो असहज महसूस करते हैं। ऐसी महिलाएं भी हैं, जो सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं।

Exit mobile version