Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल ने असम सीएम पर फिर किया हमला

गुवाहाटी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा को निशाना बनाया। उन्होंने बुधवार को दोहराया कि असम के मुख्यमंत्री देश में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। यात्रा के 11वें दिन बुधवार को राहुल गांधी की यात्रा असम के बरपेटा से शुरू हुई। वहां राहुल ने कार की छत पर बैठकर भीड़ को संबोधित किया। उन्होंने एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री को देश का सबसे भ्रष्ट सीएम बताया।

राहुल गांधी ने कहा- भाजपा और आरएसएस के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाते हैं। वे नफरत फैलाते हैं, हम मोहब्बत फैलाते हैं। उन्होंने कहा- हमने भारत जोड़ो यात्रा में लाखों लोगों से बात की। सबने हमसे कहा, हिंदुस्तान नफरत का नहीं मोहब्बत का देश है। असम के मुख्यमंत्री के दिल में बहुत नफरत है। हमारी लड़ाई उनसे नहीं, उनके दिल में छिपी नफरत से है। राहुल ने कहा- नफरत के पीछे डर होता है और नफरत को सिर्फ मोहब्बत से खत्म किया जा सकता है।

विचारधार का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा- भाजपा और आरएसएस आपकी संस्कृति, भाषा और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। आपके पूर्वजों द्वारा दी गई शिक्षा को खत्म करना चाहते हैं। बीजेपी-आरएसएस के लोग असम को नागपुर से चलाना चाहते हैं, जो हम कभी नहीं होने देंगे। असम को असम से चलाया जाएगा और आपकी संस्कृति का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने मणिपुर का मुददा उठाते हुए कहा- बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा ने मणिपुर को जला दिया है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। इसलिए हमारी भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू हुई और महाराष्ट्र तक जाएगी।

राहुल ने कहा- असम के मुख्यमंत्री दिन भर नफरत और डर फैलाते हैं। ये देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री है। टीवी-मीडिया वही दिखाता है, जो असम के मुख्यमंत्री चाहते हैं। उन्होंने कहा- असम को असम का मुख्यमंत्री नहीं चला रहा, उसका रिमोट कंट्रोल अमित शाह के पास है। पता नहीं कहां से हिमंता बिस्वा सरमा के दिमाग में आ गया कि वो राहुल गांधी को डरा सकता है। मुझ पर जितने केस लगाने हैं, लगा दो मैं डरने वाला नहीं हूं।

Exit mobile version