Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हिमंता, देवड़ा पर राहुल का हमला

मुर्शिदाबाद/पाकुड़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को झारखंड पहुंच गई। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार की यात्रा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से शुरू की। इससे पहले उन्होंने डिजिटल मीडिया के पत्रकारों से बात की थी, जिसे शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से सार्वजनिक किया गया। इसमें राहुल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा और मिलिंद देवड़ा को निशाना बनाया। गौरतलब है कि ये दोनों कांग्रेस छोड़ कर गए है। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें हिमंता बिस्व सरमा और मिलिंद देवड़ा जैसे लोगों के कांग्रेस छोड़ने पर कोई दिक्कत नहीं है।

असम में यात्रा के दौरान राज्य सरकार से टकराव और मुख्यमंत्री की बयानबाजी को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा- मैं चाहता हूं कि हिमंता और मिलिंद जैसे लोग पार्टी छोड़ दें। मैं इसको लेकर बिल्कुल भी परेशान नहीं हूं। हिमंता जिस तरह की राजनीति करते हैं वो कांग्रेस की राजनीति नहीं हो सकती है। गौरतलब है कि 22 जनवरी को हिमंता ने राहुल पर आरोप लगाया था कि वो उनके राज्य में अशांति फैला रहे हैं और उससे पहले राहुल ने हिमंता को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया था।

राहुल ने शुक्रवार को अपनी बातचीत में केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर जरूर दबाव बनाया होगा, तभी उन्होंने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ छोड़ा है। राहुल गांधी के इंटरव्यू का यह वीडियो हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से पहले का है। लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे दो फरवरी को एक बजे से थोड़ा पहले पोस्ट किया गया। वीडियो में वे कह रहे हैं- लालू जी से सवाल पूछे गए हैं, तेजस्वी से भी पूछताछ हो रही है। हेमंत सोरेन से सवाल किए जा रहे हैं और केजरीवाल को ईडी का एक और समन मिला। उन्होंने कहा कि मुझसे भी 55 घंटे तक पूछताछ हुई थी, आपको क्या लगता है नीतीश बिना किसी दबाव के इंडिया गठबंधन छोड़ दिया।

बहरहाल, शुक्रवार की यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा मुर्शिदाबाद के गोकर्ण से सुबह आठ बजे शुरू होने वाली थी। लेकिन 10वीं की परीक्षा के कारण यात्रा करीब साढ़े 10 बजे शुरू हुई। दूसरी ओर झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राहुल की यात्रा झारखंड पहुंचने के बारे में जानकारी दी। राहुल शाम को पश्चिम बंगाल से पाकुड़ के नसीपुर मोड़ पहुंचें। वहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। रात में लिट्टीपाड़ा में रूके। राहुल गांधी की यात्रा झारखंड के 13 जिलों में करीब 804 किलोमीटर चलेगी।

Exit mobile version