Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा की जारी राज्यसभा सूची

विपक्षी नेताओं

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के दोवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 14 नामों की पहली सूची जारी की है, जिसमें पुराने सांसदों में से सिर्फ एक सुधांशु त्रिवेदी का नाम है। पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी को फिर से उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह को भी भाजपा ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि केंद्र सरकार के आधा दर्जन से ज्यादा मंत्रियों का राज्यसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है लेकिन किसी का नाम पहली सूची में शामिल नहीं है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और वन व पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव सहित मनसुख मंडाविया, एल मुरुगन, पुरुषोत्तम रूपाला आदि केंद्रीय मंत्री रिटायर हो रहे हैं। लेकिन पहली सूची में किसी का नाम नहीं है। माना जा रहा है कि सबको लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा जा सकता है।

बहरहाल, भाजपा ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश से सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत और नवीन जैन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। हरियाणा से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, बिहार से धर्मशिला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छ्त्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम सूची में शामिल है। बिहार के सुशील मोदी, छत्तीसगढ़ की सरोज पांडेय और उत्तराखंड के अनिल बलूनी को टिकट नहीं मिली है।

Exit mobile version