Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

संजय सिंह की याचिका खारिज

नई दिल्ली। शराब नीति घोटाले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली संजय सिंह की याचिका खारिज कर दी है। संजय सिंह ने इस आधार पर गिरफ्तारी को चुनौती दी थी कि ईडी ने गिरफ्तारी का आधार नहीं बताया था। इस आधार पर उन्होंने गिरफ्तारी को अवैध घोषित किए जाने की मांग की थी।

हाईकोर्ट की जज जस्टिस स्वर्णकांता ने संजय सिंह की यह याचिका खारिज कर दी। गौरतलब है कि ईडी ने संजय सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर पांच अक्टूबर को छापा मारा था। बताया गया कि एजेंसी ने वहां से कई दस्तावेज जब्त किए थे। उसी दिन लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने शाम में करीब साढ़े पांच बजे संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। नई शराब नीति केस के आरोपपत्र में संजय सिंह का नाम है। इस केस में दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया फरवरी से ही जेल में हैं।

Exit mobile version