Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मानसून समय पर केरल पहुंचेगा

बर्फबारी

weather update

नई दिल्ली। इस साल मानसून सामान्य रहने की भविष्यवाणी के बाद अब मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून बिल्कुल नियत समय से आगे बढ़ रहा है और अंडमान निकोबार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि यह 31 मई तक केरल पहुंच जाएगा। पिछले साल भी मानसून 19 मई को ही अंडमान निकोबार द्वीप समूह में पहुंचा था। लेकिन उसके बाद इसकी रफ्तार धीमी हो गई और यह केरल में नौ दिन देरी से आठ जून को पहुंचा था।

वैसे केरल में मानसून आने की सामान्य तारीख एक जून है। इससे चार दिन कम या ज्यादा होने की गुंजाइश रखी गई है। यानी मानसून 28 मई से तीन जून के बीच कभी भी केरल पहुंचता है तो उसे सामान्य माना जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के मध्य प्रदेश में 16 से 21 जून और राजस्थान में 25 जून से छह जुलाई तक पहुंचने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में 18 से 25 जून और बिहार व झारखंड में 18 जून तक मानसून पहुंच जाएगा।

इससे पहले पिछले महीने मौसम विभाग ने बताया था कि देश में इस साल सामान्य से बेहतर मानसून रहेगा। मौसम विभाग 104 से 110 फीसदी के बीच बारिश को सामान्य से बेहतर मानता है। सामान्य मानसून की भविष्यवाणी फसलों के लिए अच्छा संकेत है। खरीफ की फसलें सामान्य मानसूनी बारिश पर निर्भर करती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 2024 में 106 फीसदी यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है।

Exit mobile version