Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप ने होर्मुज को अमेरिका का हिस्सा बताया

नई दिल्ली। कनाडा और ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बताने के बाद अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप् ने होर्मुज की खाड़ी को अमेरिका का हिस्सा बताया है। इतना ही नहीं उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मैप भी पोस्ट किया है, जिसमें होर्मुज की खाड़ी को अमेरिका का नया हिस्सा बताया गया है। ट्रंप की इस पोस्ट के बाद ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि होर्मुज की खाड़ी को अमेरिका का हिस्सा बताना सिर्फ एक गलतफहमी है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि ट्रंप को जल्द ही समझ आ जाएगा कि इस समुद्री रास्ते पर अमेरिका का कोई अधिकार नहीं है।

इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक ग्राफिक पोस्ट किया, जिसके ऊपर ‘नया अमेरिकी क्षेत्र’ लिखा था। इस मैप में होर्मुज  की खाड़ी और उसके आसपास का समुद्री इलाका दिखाया गया था। इसमें ईरान, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई के हिस्से भी नजर आ रहे थे। गौरतलब है कि होर्मुज की खाड़ी पर अभी पूरी तरह से ईरान और ओमान का नियंत्रण है। ईरान की धमकी के कारण इस रास्ते से कॉमर्शियल जहाजों की गुजरना बहुत कम हो गया है।

इसके बाद ईरान के उप विदेश मंत्री गरीबाबादी ने ट्रंप को उनके पुराने बयान की भी याद दिलाई। असल में कुछ महीने पहले ट्रंप ने ‘फारस की खाड़ी’ का नाम बदलकर ‘अरब की खाड़ी’ कहने का सुझाव दिया था। इस पर ईरान ने कड़ी आपत्ति जताई थी और कहा था कि यह नाम सदियों से ‘फारस की खाड़ी’ ही है। अब खुद ट्रंप ने अपने नई पोस्ट में ‘फारस की खाड़ी’ शब्द का इस्तेमाल किया। इस पर तंज करते हुए गरीबाबादी ने कहा कि जब ट्रंप ने इस बार सही नाम का इस्तेमाल किया है, तो उम्मीद है कि उन्हें यह भी समझ आ जाएगा कि होर्मुज की खाड़ी अमेरिका का इलाका नहीं है।

Exit mobile version