Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप

नई दिल्ली। मलेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जापान के दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने सबसे पहले जापान के सम्राट से मुलाकात की। इस बीच खबर है कि ट्रंप उत्तर कोरिया के तनाशाह किम जोंग उन से जल्दी ही मुलाकात कर सकते हैं। ट्रंप ने खुद इसका संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि वे किम से मिलने के लिए अपनी एशिया यात्रा को कुछ दिन और बढ़ा सकते हैं।

हालांकि ट्रंप ने साथ ही यह भी कहा कि फिलहाल इस मुलाकात को लेकर कोई तय योजना नहीं है। अमेरिकी मीडिया समूह सीएनएन को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने निजी तौर पर दोनों नेताओं के बीच एक बैठक आयोजित करने पर चर्चा की है। ट्रंप के पहले कार्यकाल में ऐसा भी हुआ था। ट्रंप ने 29 जून 2019 को ट्विट कर किम जोंग उन से मिलने का प्रस्ताव रखा था। इसके सिर्फ 24 घंटे के बाद दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई थी। ट्रंप उस समय दक्षिण कोरिया के दौरे पर थे। वे किम जोंग से मिलने के लिए सीमा पर पहुंचे थे।

इस बार ट्रंप जापान के दौरे पर हैं और फिर किम जोंग उन से मुलाकात की चर्चा हो रही है। बहरहाल, जापान पहुंचने पर ट्रम्प ने जापान के सम्राट नारुहितो से मुलाकात की। यह मुलाकात टोक्यो में हुई। मुलाकात के बाद ट्रंप ने सम्राट नारुहितो की तारीफ करते हुए उन्हें ‘ग्रेट मैन’ बताया। ट्रंप छह साल बाद जापान के दौरे पर पहुंचे हैं। इससे पहले वे 2019 में जापान गए थे। वे जापान की महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ व्यापार और निवेश पर बात करेंगे।

Exit mobile version