Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कंपनियों ने अमेरिका में रूकने को कहा

नई दिल्ली। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एच 1बी वीजा की फीस कई गुना बढ़ाए जाने के बाद पूरी दुनिया में उथलपुथल मची है। अमेरिकी कंपनियां परेशान हैं। उन्होंने अपने कर्मचारियों से अमेरिका में ही रूकने को कहा है और जो बाहर हैं उनको 21 सितंबर की डेडलाइन से पहले अमेरिका लौटने को कहा है। कंपनियों और कर्मचारियों को लग रहा है कि अगर वे समय से नहीं लौटे तो उनका लौटना मुश्किल हो जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप के फैसले के बाद अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियां जैसे माइक्रोसॉफ्ट, मेटा आदि, वित्तीय कंपनी जेपी मॉर्गन और ई कॉमर्स कंपनी अमेजन ने अपने विदेशी कर्मचारियों को तुरंत अमेरिका लौटने की सलाह दी है। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट ने शनिवार को अपने कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा, जिसमें एच 1बी और एच 4 वीजा धारकों को तुरंत अमेरिका लौटने को कहा है। मेटा और माइक्रोसॉफ्ट ने भी कर्मचारियों को ऐसा ही अलर्ट जारी किया है।

ई कॉमर्स की कंपनी अमेजन ने अपने कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे अमेरिकी समय  के मुताबिक 21 सितंबर की रात 12 बजे से पहले अमेरिका लौट आएं। अमेजन ने भारतीय और अन्य विदेशी कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे फिलहाल इंटरनेशनल ट्रैवल से बचें। इस खबर के बाद देश लौट रहे भारतीय यात्रियों में हड़कंप मच गया। खबर है कि सैन फ्रांसिस्को से भारत आ रही फ्लाइट में कई भारतीय यात्रियों ने बैठने के बाद ही विमान से उतरने की मांग कर दी। त्योहारों के लिए भारत आए पेशेवरों के साथ सबसे ज्यादा समस्या आ रही है।

Exit mobile version