Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप, शी और पुतिन मिले

नई दिल्ली। दुनिया की तीन महाशक्तियों अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्रपति मिले हैं। पहली बार इन तीनों नेताओं की एक साथ मुलाकात हुई है और 80 साल के बाद पहली बार इन तीनों देशों के राष्ट्रपति एक जगह मिले हैं। हालांकि तीनों के बीच औपचारिक मीटिंग गुरुवार को होगी लेकिन बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के शेनझेन में मिले और एक साथ डिनर किया।

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन पहुंचने पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रोटोकॉल तोड़ कर एयरपोर्ट पर ट्रंप का स्वागत किया। वे पहली बार किसी विदेशी नेता को रिसीव करने खुद एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान शी जिनपिंग ने ट्रंप से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच बातचीत से रिश्ते बेहतर होंगे और उनमें स्थिरता आएगी। ये नेता एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन यानी एपेक की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने दोनों के बीच हुई बातचीत की जानकारी देते हुए कहा बताया कि जिनपिंग ने ट्रंप से कहा कि दोनों देशों को एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए। जिनपिंग ने सितंबर में अपनी अमेरिका यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान ट्रंप और उनकी पत्नी खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे थे। इसलिए चीन ने भी ट्रंप का स्वागत करके उसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। जिनपिंग ने कहा कि सभी देशों को खुले व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना चाहिए।

चीनी न्यूज एजेंसी के मुताबिक राष्ट्रपति शी ने ट्रंप से कहा कि दुनिया को विश्व व्यापार संगठन यानी डब्लुटीओ के केंद्र वाली व्यापार व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए। इससे देशों के बीच व्यापार के नियम बने रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया की औद्योगिक और सप्लाई चेन स्थिर रहनी चाहिए, ताकि सामान की सप्लाई में रुकावट न आए। गौरतलब है कि इस साल ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद दुनिया भर में तेल के साथ साथ कई और वस्तुओं की आपूर्ति की पूरी शृंखला प्रभावित हुई।

बहरहाल, एपेक सम्मेलन 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में हो रही है। इसमें एशिया पैसिफिक क्षेत्र की 21 देशों के नेता शामिल हो रहे हैं। इनमें अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे बड़े देश शामिल हैं। चीन 12 साल बाद तीसरी बार इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। एपेक सम्मेलन से ज्यादा चर्चा तीनों महाशक्तियों के एक जगह इकट्ठा होने की है। बताया गया है कि शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ गुरुवार को त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। इसमें ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों के इस्तेमाल समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। खासतौर से कहा गया है कि यूक्रेन युद्ध की चर्चा इसमें नहीं होगी।

Exit mobile version