Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप, शी और पुतिन मिलेंगे

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक ही बैठक में शामिल होंगे। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। यह बैठक चीन के शेनझेन में होने वाले एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग यानी एपेक सम्मेलन के दौरान होगी। बैठक में सबसे अहम मुद्दा परमाणु हथियारों की संख्या कम करना होगा। इसके अलावा ईरान पर भी चर्चा होगी।

पिछले 80 साल में यह पहली बार होगा जब दुनिया के शीर्ष तीन देशों के नेता एक साथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। इससे पहले फरवरी 1945 में अमेरिका, सोवियत संघ (रूस) और ब्रिटेन के नेता क्रीमिया के याल्टा में मिले थे। इन नेताओं ने बैठक में तय किया कि युद्ध खत्म होने के बाद यूरोप के देशों का बंटवारा और शासन कैसे होगा।

बहरहाल, व्हाइट हाउस के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप बैठक में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने का मुद्दा उठाएंगे। वे चाहते हैं कि चीन भी इस बातचीत में शामिल हो, ताकि अमेरिका, रूस और चीन के बीच नया समझौता हो सके। दरअसल, अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियार सीमित करने वाली आखिरी संधि इस साल फरवरी में खत्म हो गई थी। ट्रंप पुराने समझौते की जगह तीनों देशों के बीच नया समझौता करना चाहते हैं। हालांकि, चीन अब तक ऐसी बातचीत से बचता रहा है। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, इस बैठक में किसी समझौते की उम्मीद नहीं है। इसका मकसद सिर्फ बातचीत शुरू करना है, ताकि आगे चलकर परमाणु हथियारों पर नियंत्रण का रास्ता निकल सके।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप इस बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठा सकते हैं। लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध इस बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं होगा। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका हाल के दिनों में रूस के साथ कई बैठकें कर चुका है, लेकिन चीन इन बातचीत में शामिल नहीं रहा। इसलिए तीनों देशों की बैठक में यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करना ठीक नहीं होगा। यह भी बताया गया है कि टेस्ला के सीईओ इलॉन मस्क भी ट्रंप के साथ चीन जाएंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, मस्क के अमेरिका और चीन के बीच कारोबार से जुड़े बड़े हित हैं। वे चीन यात्रा के दौरान ट्रम्प को सलाह देने में भी मदद कर सकते हैं। हालांकि, मस्क तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की संयुक्त बैठक में शामिल नहीं होंगे।

Exit mobile version