Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चढ़ावा चोरी में से दो करोड़ बरामद

Ram Mandir

लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में से हुई बड़ी चोरी की जांच करने के लिए विशेष जांच टीम यानी एसआईटी अयोध्या पहुंची है। एक दिन पहले राज्य सरकार ने तीन सदस्यों की जांच कमेटी का गठन किया था। जांच टीम सोमवार को दोपहर तीन बजे अयोध्या पहुंची। बताया जा रहा है कि एसआईटी सीधे राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यालय गई और वहां जांच शुरू की। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से जानकारी ली गई है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस ने चढ़ावा चोरी के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर करीब दो करोड़ रुपए बरामद होने की खबर है। चोरी सात से आठ करोड़ रुपए की बताई जा रही है। बहरहाल, जानकार सूत्रों का कहना है कि एसआईटी के अधिकारी ट्रस्ट के सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य गोपाल राव से करीब दो घंटे पूछताछ की है।

जांच के लिए अयोध्या पहुंचने से पहले एसआईटी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। गौरतलब है कि विशेष जांच टीम में लखनऊ के कमिश्नर विजय विश्वास पंत, आईजी किरन एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरतन शामिल हैं। इस बीच, राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने कहा, ‘अब मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच और सुधार दोनों पर काम किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहे’।

गौरतलब है किक चढ़ावा चोरी मामले में अब तक पांच लोगों की पहचान की गई है। इन लोगों में लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर के नाम सामने आए हैं। इन लोगों की निशानदेही पर अब तक दो करोड़ रुपए बरामद होने की खबर है। ये सभी दान राशि की गिनती की ड्यूटी से जुड़े हैं। लवकुश और अनुकल्प पुलिस हिरासत में हैं।

Exit mobile version