नई दिल्ली। गैस और कच्चे तेल से भरे भारत के कई टैंकर होरमुज की खाड़ी से निकल कर सुरक्षित भारत आ गए हैं। अब दो और जहाजों के होरमुज की खाड़ी से निकलने की खबर है। इन दोनों में एलपीजी भरी है। जग वसंत और पाइन गैस नाम के दो भारतीय एलपीजी टैंकर होरमुज की खाड़ी से निकले हैं। इनमें कुल 92,612 सौ मीट्रिक टन एलपीजी है।
जग वसंत पर 33 और पाइन गैस पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं। दोनों जहाज अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं और इनके 26 से 28 मार्च के बीच भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की संभावना है। इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीद बंधने पर कीमत सौ डॉलर प्रति बैरल से नीचे आई थी लेकिन युद्धविराम की उम्मीद कमजोर पड़ने के बाद तेल की कीमतें एक बार फिर एक सौ डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं।
