नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए बिल पर भाषण दिया। 50 मिनट के उनके भाषण में विपक्ष की ओर से लगातार टोकाटाकी होती रही। स्पीकर ने भी उनको भाषण के दौरान टोका और संसदीय कार्य मंत्री कीरेन रिजीजू ने भी कई बार टोका। राहुल ने भाषण में ‘ईडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्द कहे, जिसे लेकर सबसे ज्यादा हंगामा हुआ।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में यह भी दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठी चलाने का आदेश दिया था। हालांकि भाजपा ने इसका खंडन किया। भाजपा ने कहा कि छात्रों पर गोली चली ही नहीं है तो आदेश देने की बात ही नहीं उठती है। अमित शाह पर दिए राहुल के बयान पर सत्ता पक्ष की ओर से बड़ा हंगामा किया गया।
राहुल के भाषण के दौरान कीरेन रिजीजू ने सात बार खड़े होकर राहुल को टोका और संसदीय नियम का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को माफी मांगनी चाहिए। इस पर राहुल ने कहा, ‘अगर आप चाहते हैं कि देश में सिर्फ बीजेपी बोले तो मैं चुप होकर बैठ जाता हूं’। स्पीकर ओम बिरला ने भी राहुल को करीब एक दर्जन बार टोका। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल के भाषण के कई शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने के लिए स्पीकर से कहा।
राहुल ने अपने भाषण में कहा, ‘देश का भविष्य सड़कों पर उतरा। प्रदर्शन में गुस्सा, नफरत नहीं थी। वे केवल अपनी आवाज उठा रहे थे। अगर भाजपा के मेरे मित्र अपने बच्चों से पूछें कि उनके भाई, बहन जो कर रहे हैं, उसके बारे में वे क्या सोचते हैं, तो उन्हें अपने बच्चों का भी समर्थन ही मिलेगा’। उन्होंने एक प्रदर्शनकारी लड़की के हवाले से ‘ईडियट’ शब्द का जिक्र किया।
