नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ स्थायी युद्धविराम और समझौते की उम्मीद कर रहे हैं लेकिन ईरान के रुख से ऐसा नहीं लग रह है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने जोर देकर कहा कि युद्ध खत्म करते समय राष्ट्रीय सम्मान बनाए रखना सबसे अहम होगा। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सूझबूझ और रणनीतिक फैसलों के जरिए आगे बढ़ना जरूरी है, ताकि देश सुरक्षित तरीके से इस स्थिति से बाहर निकल सके।
इससे पहले ईरान ने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी सीजफायर के समझौते का उल्लंघन है और अमेरिका की धमकी भरी भाषा से हालात और खराब हो रहे हैं। तभी कतर की मीडिया ‘अल जजीरा’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बातचीत एक नहीं, बल्कि कई दिनों तक चल सकती है। कोशिश यह है कि एक अस्थायी समझौता यानी समझौता ज्ञापन पर दस्तखत हो जाए, जिससे सीजफायर आगे बढ़ सके और करीब 60 दिन का समय मिल जाए ताकि बड़ा शांति समझौता तैयार किया जा सके।
