Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ईरानी हमले में सौ अमेरिकी सैनिक घायल

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका का हमला जारी है और जवाब में ईरान भी लगातार हमले कर रहा है। दोनों के बीच नए सिरे से जंग शुरू होने के बाद होर्मुज की खाड़ी एक बार फिर से बंद हो गई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। इस बीच अमेरिका ने माना है कि ईरान के जवाबी हमलों में उसके करीब एक सौ सैनिक घायल हुए हैं। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये सैनिक सात जुलाई के बाद हुए हमलों में घायल हुए। हालांकि उन्होंने साथ ही कहा कि 96 फीसदी सैनिक ठीक होकर ड्यूटी पर लौट चुके हैं।

बहरहाल, अमेरिका ने मंगलवार सुबह ईरान के नौ शहरों पर हवाई हमले किए। ईरान की मीडिया के मुताबिक अबदानान, बंदर अब्बास, बंदर लेंगेह, बुशेहर, चाबहार, केश्म द्वीप, सीरिक, शीराज और कोनारक को अमेरिका ने निशाना बनाया। इसके जवाब में ईरान ने पलटवार किया और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए। गौरतलब है कि अमेरिका ने दूसरे खाड़ी देशों से अपना सैन्य साजोसामान जॉर्डन और इजराइल की ओर से शिफ्ट किया है। दोनों देशों के बीच जंग से होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही लगभग ठप्प हो गई है।

Exit mobile version