नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक तरफ ईरान से बातचीत कर रहे हैं और दूसरी ओर युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार और शनिवार को ऐसा माहौल बनाया, जिससे लगा कि वे ईरान के खिलाफ बड़ा युद्ध शुरू करने जा रहे हैं। ट्रंप के कदमों से बड़े सैन्य तनाव की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक किसी नए अमेरिकी हमले की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कई घटनाओं को गंभीर संकेत माना जा रहा है।
असल में राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने बेटे की शादी से जुड़ा कार्यक्रम और वीकेंड का प्लान रद्द कर दिया और व्हाइट हाउस लौट गए। लौटते समय उन्होंने कहा कि यह फैसला कुछ खास स्थितियों की वजह से लिया गया है। बाद में उन्होंने इसे ईरान से जुड़ा मामला बताया। मीडिया समूह ‘सीबीएस’ की ओर से बताया गया है कि अमेरिकी सेना और खुफिया एजेंसियों के कई वरिष्ठ अधिकारियों के वीकेंड के कार्यक्रम रद्द किए गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि अधिकारियों को संभावित नए अमेरिकी हमलों की स्थिति में तैयार रहने के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है। यह भी कहा जा रहा है कि पश्चिम एशिया में सैन्य तैनाती बढ़ाई जा रही है।
