Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उप राष्ट्रपति ने कांग्रेस का मजाक उड़ाया

Jagdeep Dhankhar

नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति Jagdeep Dhankhar ने देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष की ओर से संसद के शीतकालीन सत्र में पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस का मजाक उड़ाया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि बायपास सर्जरी के लिए कभी सब्जी काटने का चाकू इस्तेमाल नहीं करते हैं। विपक्ष की तरफ से उन्हें राज्यसभा के सभापति पद से हटाने के लिए दिए गए अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस खारिज होने के बाद यह उनका पहला बयान है।

राजधानी दिल्ली में अपने निवास पर महिला पत्रकारों को संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा, ‘उप राष्ट्रपति के खिलाफ दिया गया नोटिस तो देखिए… आपको हैरानी होगी। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी ने एक बार कहा था कि सब्जी काटने के चाकू का इस्तेमाल कभी भी बायपास सर्जरी के लिए न करें’। गौरतलब है कि विपक्ष ने मानसून सत्र में भी उप राष्ट्रपति और सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की थी। फिर शीतकालीन सत्र में उसने नोटिस दिया। लेकिन उप सभापति ने इस प्रस्ताव में कई खामियां होने की बात कहते हुए इसे खारिज कर दिया था।

Also Read: कांग्रेस ने नरीमन और जोसेफ के नाम सुझाए थे

इसका हवाला देकर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, ‘मेरे खिलाफ दिया गया नोटिस सब्जी काटने का चाकू भी नहीं था, उसमें जंग लगी हुई थी। वह बहुत जल्दबाजी में दिया गया था। जब मैंने उसे पढ़ा तो हैरान रह गया। लेकिन सबसे ज्यादा जिस बात से मुझे हैरानी हुई वो यह है कि आपमें से किसी ने उसे नहीं पढ़ा। अगर पढ़ा होता, तो आप कई दिन सो नहीं पातीं’।

जगदीप धनखड़ ने कहा कि, ‘अभिव्यक्ति की आजादी की जरूरत है क्योंकि यह लोकतंत्र की परिभाषा है। अगर इस अभिव्यक्ति को सीमित किया जाता है, इससे समझौता किया जाता है या इसे डराया, धमकाया जाता है तो लोकतांत्रिक मूल्यों में गिरावट होती है। लोकतंत्र को आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन ये उसके उलट बात है’। उन्होंने आगे कहा कि, ‘अपनी आवाज का इस्तेमाल करने से पहले आपको अपने कानों से दूसरे की बात सुननी चाहिए। इन दोनों चीजों के बिना लोकतंत्र न तो विकसित हो सकता है और न ही फल फूल सकता है’।

Exit mobile version