Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वांगचुक की पत्नी ने आरोपों का खंडन किया

लेह। जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने अपने पति के पाकिस्तानी लिंक को लेकर लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि वे लोग संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में उन्होंने रविवार को कहा कि वांगचुक ने हमेशा गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन किया है। उन्होंने चार सितंबर की हिंसा के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीआरपीएफ को जिम्मेदार बताया।

वांगचुक की पत्नी अंगमो ने बताया कि उनके पति की पाकिस्तान की यात्राएं जलवायु परिवर्तन से जुड़ी थीं। उन्होंने कहा, ‘हम संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित सम्मेलन में गए थे। हिमालय के ग्लेशियर के पानी में हम भारत या पाकिस्तान नहीं देखते’। गौरतलब है कि गीतांजलि अंगमो हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव लर्निंग की सह संस्थापक हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने पति से संपर्क नहीं कर पाई हैं।

अंगमों ने कहा कि वांगचुक की गिरफ्तारी का आदेश अभी तक नहीं मिला है और वे कानूनी कार्रवाई करेंगी। गौरतलब है कि शुक्रवार को लद्दाख के पुलिस महानिदेशक ने कहा था कि सोनम वांगचुक पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव के संपर्क में थे, जिसे पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। असल में, लद्दाख में छठी अनुसूची की मांग और पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए चल रहे आंदोलन के प्रमुख नेता सोनम वांगचुक को शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया। वांगचुक को राजस्थान के जोधपुर जेल में रखा गया है।

Exit mobile version