Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

फिर आंदोलन करेंगे वांगचुक

लेह। समाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा है कि अगर लद्दाख के मुद्दे पर केंद्र सरकार ठोस भरोसा नहीं देती है तो वे 19 से 24 सितंबर तक आंदोलन करेंगे। असल में लेह और कारगिल के नेताओं की बुधवार को दिल्ली में केंद्र सरकार के साथ एक बैठक हुई थी। कहा जा रहा है कि सरकार ने लद्दाख में निर्वाचित निकाय बनाने पर सहमति जता दी है लेकिन अभी तक उसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

तभी सोनम वांगचुक ने दिल्ली में हुई बैठक पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि अगर लद्दाख के मुद्दे पर सरकार से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो 19 से 24 सितंबर तक फिर आंदोलन करेंगे। वांगचुक ने कहा, ‘हमें सरकार पर भरोसा है इसलिए हर बार सरकार के साथ बातचीत करने आते हैं। उम्मीद है कि ये भरोसा नहीं टूटेगा’। वांगचुक ने कहा कि दिल्ली में बैठक बहुत अच्छे माहौल में हुई लेकिन उसमें कुछ निकला नहीं।

उन्होंने कहा कि नौ सितंबर की बैठक 10 सितंबर से होने वाली लेह से कारगिल की पदयात्रा से ध्यान हटाने के लिए हुई थी। वांगचुक ने कहा कि चार महीने पहले जो फैसले हुए थे, उन्हें ही दिल्ली की बैठक में दोहराया गया। कोई नया प्रस्ताव नहीं आया और लद्दाख की मांगों पर भी सरकार ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने स्थानीय शासन और जमीन से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव न करने का आश्वासन भी नहीं दिया।

Exit mobile version