देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर एक निर्माणाधीन सुरंग में मजदूरों के फंस जाने से बड़ा हादसा हो गया है। हादसा चमोली में हुआ, जहां पीपलकोटी में गुरुवार शाम करीब सात बजे एक निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा भर गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग शुक्रवार की शाम तक टनल में फंसे हैं, जिन्हें बचाने के लिए राहत अभियान जारी था। टनल में कुल 22 लोग फंसे थे। इसमें 12 मजदूरों को निकाल लिया गया है।
इसके अलावा एक और बड़ा हादसा होते होते बचा। घायलों से मिलने जा रहे गढ़वाल के लोकसभा सांसद अनिल बलूनी की चलती कार पर पहाड़ से एक बड़ा पत्थर गिर गया। इससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और हेडलाइट टूट गई। हालांकि, हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। उत्तराखंड के अलावा कई और राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। कानपुर में गंगा का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे एक सौ से ज्यादा छोटे मंदिर डूब गए हैं।
उधर हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। कांगड़ा में पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेल सेक्शन पर ट्रैक पर चट्टानें गिरने से चार ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने 18 अगस्त तक प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान जताया है। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक छतरपुर इलाके में सबसे ज्यादा 24.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
