Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जब दुनिया मंदी की बात करती है, तो भारत प्रगति की गाथा लिखता है: पीएम मोदी

New Delhi, Nov 26 (ANI): Prime Minister Narendra Modi speaks during the virtual inauguration of the Safran Aircraft Engine Services India (SAESI) facility located at the GMR Aerospace and Industrial Park – SEZ, at Hyderabad, in New Delhi on Wednesday. (ANI Video Grab)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट की थीम “ट्रांसफॉर्मिंग टुमॉरो” पर बोलते हुए कहा कि हमारा पूर्वी भारत, नॉर्थ ईस्ट, हमारे गांव, हमारे देश की नारी शक्ति, भारत की इनोवेटिव यूथ पॉवर, ब्लू इकॉनमी, स्पेस सेक्टर, इतना कुछ है, जिसकी पूरी क्षमता का इस्तेमाल पहले हो ही नहीं पाया। 

पीएम मोदी ने कहा कि जब दुनिया मंदी की बात करती है, तो भारत प्रगति की कहानी लिखता है। जब दुनिया भरोसे के संकट को देख रही है, तो भारत भरोसे का पिलर बन रहा है। जब दुनिया बिखराव की ओर बढ़ रही है, तो भारत एक पुल बनाने वाला बन रहा है।

उन्होंने कहा कि डायरेक्ट टैक्स सिस्टम में भी बड़ा रिफॉर्म हुआ है। 12 लाख रुपए तक की इनकम पर जीरो टैक्स एक ऐसा कदम रहा, जिसके बारे में एक दशक पहले तक सोचना भी असंभव था। आज के भारत की यह यात्रा केवल विकास की नहीं, बल्कि सोच में बदलाव की भी यात्रा है। कोई भी देश बिना आत्मविश्वास के आगे नहीं बढ़ सकता है। दुर्भाग्य से लंबी गुलामी ने भारत के आत्मविश्वास को हिला दिया था। इसकी मुख्य वजह गुलामी की मानसिकता थी। आज का भारत गुलामी की मानसिकता से मुक्ति पाने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले बैंक से हजार रुपए का भी लोन लेना होता था तो बैंक गारंटी मांगता था, क्योंकि अविश्वास बहुत था। हमने मुद्रा योजना से अविश्वास के इस कुचक्र को तोड़ा। इसके तहत अभी तक 37 लाख करोड़ रुपए का गारंटी-फ्री लोन दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि आज देश के बैंकों में हमारे ही देश के नागरिकों का 78 हजार करोड़ रुपया अनक्लेम्ड पड़ा है। इसी तरह से बीमा कंपनियों के पास लगभग 14 हजार करोड़ रुपए पड़े हैं। म्यूचअल फंड कंपनियों के पास तीन हजार करोड़ रुपए पड़े हैं। ये सब अनक्लेम्ड मनी है। ये पैसा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का है। हमारी सरकार लोगों को खोजकर उनका पैसा लौटा रही है।

Also Read : तुर्की: बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत, 11 घायल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी 10-11 दिन पहले मैंने हैदराबाद में स्काईरूट के अनंत परिसर का उद्घाटन किया। स्काईरूट भारत की प्राइवेट स्पेस कंपनी है। ये कंपनी हर महीने एक रॉकेट बनाने की क्षमता पर काम कर रही है। ये कंपनी उड़ान के लिए तैयार विक्रम-1 बना रही है। सरकार ने प्लेटफॉर्म दिया और भारत का नौजवान उसपर नया भविष्य बना रहा है। यही तो असली ट्रांसफोर्मेशन है।

उन्होंने कहा कि पहले भारत का स्पेस सेक्टर सरकारी नियंत्रण में ही था। लेकिन, हमने स्पेस सेक्टर में रिफॉर्म किया। उसे प्राइवेट सेक्टर के लिए ओपन किया और इसके नतीजे आज देश देख रहा है। जब दुनिया मंदी की बात करती है, भारत विकास की कहानी लिखता रहता है। जब दुनिया विश्वास के संकट से जूझ रही है, भारत विश्वास का स्तंभ बनकर उभर रहा है। जब दुनिया विखंडन की ओर बढ़ रही है, भारत सेतु का काम कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के दूसरी तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद के आंकड़े आठ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाते हैं, जो हमारी प्रगति में एक नई गति को दर्शाता है। ये केवल आंकड़े नहीं हैं। ये मजबूत व्यापक आर्थिक संकेत हैं। ये संकेत देते हैं कि भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था के एक प्रमुख विकास चालक के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि आज, जब हम कल के परिवर्तन पर चर्चा कर रहे हैं, तो यह स्पष्ट है कि हम जिस परिवर्तन की आकांक्षा रखते हैं, वह वर्तमान के कार्यों द्वारा निर्मित मजबूत नींव में दृढ़ता से निहित है। आज हम जो सुधार कर रहे हैं और जो प्रदर्शन कर रहे हैं, वे हमारे कल के परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। आज देश के हर सेक्टर में कुछ न कुछ बेहतर हो रहा है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version