नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाए बगैर महिला आरक्षण लागू करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों में से ही 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। इसके लिए परिसीमन और लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महिला आरक्षण के बहाने संविधान बदलने की कोशिश कर रहे हैं।
संसद के विशेष सत्र से पहले शुक्रवार को कांग्रेस के संसदीय रणनीतिक समूह की बैठक हुई। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस लोकसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बनाए रखने की मांग करेगी।
बैठक के बाद लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि भाजपा किसी भी तरह से परिसीमन कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्य विपक्षी पार्टियों के साथ मिल कर सरकार की इस कोशिश का विरोध करेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को विपक्षी पार्टियों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में विपक्ष की साझा रणनीति तय होगी। शुक्रवार को सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, जयराम रमेश और प्रमोद तिवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
