Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अफगानिस्तान : भीषण सड़क हादसों में 44 की मौत, 76 घायल

काबुल। पूर्वी अफगानिस्तान (Afghanistan) के गजनी प्रांत में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं (Road Accident) में कम से कम 44 यात्रियों की मौत हो गई और 76 अन्य घायल हो गए। एक स्थानीय अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्रांतीय सूचना एवं संस्कृति निदेशक मुल्ला हमीदुल्ला नेसार ने बताया कि ये दुर्घटनाएं गजनी शहर के बाहरी इलाके और प्रांत के अंदार जिले में, राजधानी काबुल को दक्षिणी कंधार प्रांत से जोड़ने वाले राजमार्ग के पास हुईं। नेसार के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, लेकिन अधिकांश की हालत गंभीर बताई गई है।

भीड़भाड़ वाली सड़कों पर लापरवाही से गाड़ी चलाना और जर्जर मार्गों पर यातायात संकेतों की कमी युद्धग्रस्त देश में सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं। इससे पहले सोमवार को दक्षिणी अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में एक परिवार को ले जा रहा वाहन खाई में गिर गया था। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रांतीय सूचना एवं संस्कृति विभाग से प्राप्त जानकारी के हवाले से यह जानकारी दी। सूत्र ने बताया कि यह दुर्घटना प्रांत के बाबाजी जिले में हुई, जब वाहन नियंत्रण खो बैठा और एक गहरी खाई में गिर गया, जिससे महिलाओं और बच्चों सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Also Read : जयपुर में आयकर विभाग ने 20 से अधिक स्थानों पर छापे मारे

पिछले सप्ताह उत्तरी बदख्शां प्रांत में एक जीप के नदी में गिर जाने से छह यात्रियों की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे। इस महीने की शुरुआत में, उत्तरी जौजजान प्रांत को पड़ोसी सारी पुल प्रांत से जोड़ने वाले राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी और 10 अन्य घायल हो गए। एक अन्य दुर्घटना में, दक्षिणी जाबुल प्रांत के शाहर-ए-सफा जिले में कंधार को राष्ट्रीय राजधानी काबुल से जोड़ने वाले राजमार्ग पर एक कार सड़क से उतरकर पलट गई, जिसमें दो लोगों की मौत और दो अन्य घायल हो गए।

Exit mobile version