अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने देशव्यापी उड़ानों के प्रस्थान पर लगे रोक को हटा लिया है। दूरसंचार व्यवस्था में आई एक बड़ी खराबी के कारण हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) कार्यों पर असर पड़ा था जिसके कारण पूरे देश के हवाई अड्डों से विमानों की उड़ानें रोक दी गई थीं।
नियामक ने अपनी वेबसाइट पर जारी एक नोटिस में कहा एफएए कमांड केंद्र द्वारा पूरे देश में लागू किया गया ‘ग्राउंड स्टॉप’ रद्द कर दिया गया है।
शुक्रवार को इससे पहले, एफएए ने आपातकालीन स्थितियों और सुरक्षा चिंताओं के कारण अमेरिका के सभी हवाई अड्डों से विमानों के उड़ान भरने पर देशव्यापी रोक लगाने का आदेश दिया था। बाहर से आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में, हर उड़ान के लिए अलग-अलग निर्णय लिया गया था।
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन ने शुक्रवार को पूर्वी मानक समय (ईएसटी) के अनुसार अपराह्न लगभग 3:54 बजे (शनिवार को भारतीय मानक समय के अनुसार (आईएसटी) तड़के 2:24 बजे) सभी प्रस्थान करने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी थी। यह प्रतिबंध शुक्रवार को रात 8:15 बजे ईएसटी (शनिवार को सुबह 6:45 बजे आईएसटी) हटा लिया गया।
Also Read : टी-20 इतिहास के सबसे युवा कप्तान बने वैभव सूर्यवंशी
बाद में, अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि पूरे देश में उड़ानों पर रोक एक संचार समस्या के कारण लगाई गई थी, जिसका असर सभी क्षेत्रीय एटीएस केंद्रों पर पड़ा था।
इस व्यवधान के कारण बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द हुईं और उनमें देरी हुई। ‘फ्लाइटअवेयर’ के अनुसार, ग्राउंड स्टॉप के कारण पूरे देश में 4,000 से ज़्यादा उड़ानें रद्द हो गईं और 10,000 से ज़्यादा उड़ानों में देरी हुई।
एविएशन एनालिटिक्स फर्म ‘सिरियम’ के एक अनुमान के अनुसार, उड़ानों के निलंबन से 15 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी हवाई अड्डों से उड़ानों के निलंबन का संबंध किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से नहीं है।
फॉक्स न्यूज़ ने बताया कि नेटवर्क के साथ बातचीत में राष्ट्रपति ट्रंप ने उन चिंताओं को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि एफएए द्वारा लागू किए गए प्रतिबंधात्मक उपायों के पीछे कोई साइबर हमला या एआई से जुड़ी गतिविधि हो सकती है।
इससे पहले, अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि अधिकारियों का मानना है कि अमेरिकी हवाई अड्डों पर उड़ानों के रोके जाने के पीछे कोई दुर्भावनापूर्ण हमला नहीं था।
Pic Credit : UNI
