Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दक्षिण अफ्रीका में डबल फायरिंग, 17 की गई जान

दक्षिण अफ्रीका में रविवार रात हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ये दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी नहीं हैं और हत्याओं के पीछे के मकसद का अभी तक पता नहीं चल पाया है। देश में बढ़ते हिंसक अपराधों और गिरोहों की हिंसा के बीच पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

बीबीसी के अनुसार, पहली घटना क्वाजुलु-नटाल प्रांत में पीटरमैरिट्सबर्ग शहर के बाहर हुई, जहां हमलावरों ने एक मिनीबस को गोलियों से छलनी कर दिया। पुलिस को मौके पर वाहन के अंदर गोलियों से छलनी आठ व्यक्तियों के शव मिले। पुलिस प्रवक्ता रॉबर्ट नेटशियुंडा ने बताया कि घटना के कारणों और संदिग्धों की पहचान का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Also Read : ईरान संघर्ष को ‘अनंत युद्ध’ नहीं बनने देंगे ट्रंप: जेडी वेंस

दूसरी घटना इसके कुछ ही घंटों बाद प्रिटोरिया के पश्चिम में अट्टेरिगविले के जेफ्सविले अनियोजित बस्ती में हुई। यहां एक चार कमरों की झोपड़ी के अंदर छह पुरुषों और तीन महिलाओं के शव मिले। माना जा रहा है कि यह वारदात रविवार रात 10 से 11 बजे के बीच हुई।

गनशॉट की आवाज को स्थानीय लोगों ने शुरुआत में बिजली कड़कने की समझ लिया था। गौतेंग प्रांत की पुलिस आयुक्त ने संदिग्धों की तलाश के लिए क्राइम इंटेलिजेंस और ट्रैकिंग टीमों को तैनात कर दिया है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version