Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर

ईरानी नौसेना ने रविवार देर रात कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई।

नौसेना के अनुसार, यह घटना कुछ घंटे पहले हुई और संबंधित जहाज समुद्री प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा था। उसने चेतावनी दी कि ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय किए बिना इस रणनीतिक जलमार्ग या आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाज बारूदी सुरंगों की चपेट में आ सकते हैं और उनमें आग लग सकती है।

इससे पहले रविवार को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से से अनधिकृत मार्ग पर गुजरने की कोशिश के दौरान दो तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकराकर आग की चपेट में आ गए।

Also Read : जय शाह आईसीसी के चेयरमैन फिर से चुने गए

आईआरजीसी ने कहा कि इनमें से एक सुपरटैंकर, जिसमें 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल लदा था, दक्षिणी खाड़ी में डूब गया। उसने हालांकि जहाजों की पहचान या उनके चालक दल के बारे में जानकारी नहीं दी।

ईरान ने 12 जुलाई को अमेरिका की ओर से फिर हमले शुरू किए जाने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा बंद करने की घोषणा की थी। ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके निर्धारित मार्गों के अलावा अन्य रास्तों का इस्तेमाल करने या बिना अनुमति गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति का प्रमुख समुद्री मार्ग है। यहां जहाजों की आवाजाही बाधित होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version