Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

रूस का कीव पर रातभर मिसाइल-ड्रोन हमला, कम से कम 11 लोगों की मौत

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर रविवार रातभर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जिनमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रूस द्वारा दागी गई सभी बैलिस्टिक मिसाइलें अपने निर्धारित लक्ष्यों तक सटीक तरीके से पहुंचीं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि यूक्रेन के पास ‘पैट्रियट इंटरसेप्टर’ मिसाइलों की कमी लगातार गंभीर होती जा रही है।

यह हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा राजधानी कीव पर रूस के एक और बड़े हमले की आशंका जताए जाने के कुछ घंटों बाद हुआ।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में 60 अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बचावकर्मी हमले में निशाना बनाई गई दो बहुमंजिला आवासीय इमारतों के मलबे में लोगों की तलाश में जुटे हैं।

कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में बताया कि पोदिल्स्की जिले में एक आवासीय इमारत का हिस्सा ढह गया। वहीं, दार्नित्सिया जिले में कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।

यह हमला सोमवार तड़के तक जारी रहा और इस दौरान रूस ने एक के बाद एक बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ ड्रोन से हमले किए। पूरे शहर में विस्फोटों की गूंज सुनाई देती रही, जबकि जान बचाने के लिए लोगों को मेट्रो स्टेशनों में शरण लेनी पड़ी।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कुछ घंटे पहले ही नागरिकों को सचेत किया था कि रूस की राजधानी कीव पर एक और भीषण हमला कर सकता है। सोमवार का यह हमला पिछले सप्ताह कीव पर रूस के भीषण हमले के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी।

Also Read : भाजपा विधायक हब्बे टेरॉन सर्वसम्मति से असम विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए

यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रातभर देश पर सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागीं, जिनका मुख्य निशाना राजधानी कीव थी। वायु सेना के अनुसार, रूस द्वारा दागी गई 29 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका नहीं जा सका और वे अपने निर्धारित लक्ष्यों तक पहुंच गईं। इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि यूक्रेन के लिए ऐसे हमलों को रोक पाना लगातार कठिन होता जा रहा है।

हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन की वायु सेना के प्रवक्ता यूरी इहनात ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर कहा, बैलिस्टिक मिसाइलों को निष्क्रिय करने के लिए हमारे पास पर्याप्त साधन होने चाहिए। रूस निश्चित रूप से इस बात का फायदा उठा रहा है कि इस समय यूक्रेन ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में ‘इंटरसेप्टर’ मिसाइलों की गंभीर कमी है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि इस हमले में कीव स्थित हथियार निर्माण कारखानों को निशाना बनाया गया।

मंत्रालय के अनुसार, इनमें ड्रोन, समुद्री ड्रोन, बख्तरबंद वाहन और मिसाइल बनाने वाले प्रतिष्ठानों के साथ-साथ वायु रक्षा प्रणालियों की मरम्मत करने वाली इकाइयों तथा शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों के ईंधन एवं ऊर्जा अवसंरचना से जुड़े ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

रूस के हवाई हमलों में बार-बार यूक्रेन के नागरिक इलाके भी निशाना बने हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक यूक्रेन में 16,000 से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है।

इससे पहले, जेलेंस्की ने रविवार देर रात ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में पश्चिमी सहयोगी देशों से यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को और मजबूत करने की अपील दोहराई। उन्होंने विशेष रूप से अधिक पैट्रियट मिसाइलें उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि इन मिसाइलों की कमी पूरी नहीं की गई, तो इससे रूस का मनोबल बढ़ेगा तथा वह चार वर्षों से जारी इस युद्ध को और लंबा खींचने से पीछे नहीं हटेगा।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version