Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

यूक्रेन पर रूस के भीषण हमले में सात लोगों की मौत

रूस ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात यूक्रेन के पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक कई स्थानों पर मिसाइल और अन्य हथियारों से हमले किए, जिनमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक जनहानि पूर्वी निप्रोपेत्रोव्स्क और पश्चिमी ल्वीव क्षेत्रों में हुई। हाल के महीनों में रूस ने यूक्रेन के शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं और अब ऐसे हमले लगभग हर सप्ताह हो रहे हैं।

निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के सैन्य प्रशासन प्रमुख ओलेक्सांद्र हांझा ने बताया कि रूसी बलों के बड़े हमले में छह लोगों की मौत हो गई, 10 अन्य घायल हुए तथा नागरिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।

उन्होंने टेलीग्राम पर बताया कि मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। इनमें छह वर्षीय एक बच्ची तथा 11 और 17 वर्ष के दो किशोर शामिल हैं, जिनकी मौत क्रिवी रीह क्षेत्र में हुई।

Also Read : उप्र : यूरिया के लिए 100 फुट ऊंची टंकी पर चढ़कर बायोमीट्रिक सत्यापन करा रहे किसान

ल्वीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख मक्सिम कोजित्स्की ने बताया कि रूसी मिसाइल हमले में घायलों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है और बचाव अभियान जारी है।

ल्वीव के महापौर आंद्री सादोवी ने बताया कि शहर पर तड़के करीब 4.45 बजे हमला किया गया। दो रिहायशी इमारतों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा, जबकि 20 से अधिक आवासीय भवन, एक स्कूल और दो किंडरगार्टन भी क्षतिग्रस्त हुए।

उन्होंने कहा कि घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजधानी कीव में रूसी बलों ने बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया, जिसमें 31 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। राष्ट्रीय पुलिस की प्रेस सेवा ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हमले में शहर की रिहायशी इमारतों, एक बाजार, गैराज परिसर, भंडारण सुविधाओं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।

कीव क्षेत्र के ब्रोवेरी जिले में भी पांच लोग घायल हुए हैं। कार्यवाहक क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख रुसलान ओलियीनिक ने फेसबुक पर बताया कि घायलों में एक नाबालिग और दो महिलाएं शामिल हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version