Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उप्र : यूरिया के लिए 100 फुट ऊंची टंकी पर चढ़कर बायोमीट्रिक सत्यापन करा रहे किसान

बलरामपुर जिले के हरैया इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महिलाओं, बुजर्गों और किसानों को यूरिया उर्वरक के लिए जान जोखिम में डालकर कथित तौर पर करीब 100 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर बायोमेट्रिक सत्यापन करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर कथित प्रकरण का वीडियो प्रसारित होने के बाद जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराने के आदेश दिए हैं।

ये वीडियो कथित तौर पर बुधवार का है जो हरैया सतघरवा विकास खंड के कोहरोड़ा सहकारी समिति का बताया जा रहा है। वीडियो में एक कर्मी पानी टंकी पर बायोमीट्रिक मशीन लेकर बैठा है और किसानों से अंगूठा लगवा कर रुपये गिनते हुए उर्वरक देने की कार्यवाही कर रहा है।

Also Read : सिर्फ स्क्रीन पर दिखना नहीं, असर छोड़ने वाले किरदार निभाना चाहती हूं : बरखा सिंह

एक दूसरे वीडियो में उर्वरक लेने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ी एक महिला अपने कागजात दिखा रही है, जबकि अन्य किसान उर्वरक लेने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल कर पानी की टंकी पर चढ़ते और उतरते देखे जा सकते हैं।

किसान राम प्रकाश ने आरोप लगाया, ‘‘कर्मी हवा के लिए पानी की टंकी पर चढ़ जाते है। अगर कोई गिर पड़े तो उसके हाथ पैर टूट जायेंगे और जिंदगी बेकार हो जाएगी।

नवलगंज के ग्राम प्रधान राम निवास गौतम ने आरोप लगाया कि सचिव 15-20 दिन तक नहीं आते हैं जिसके कारण लापरवाही हो रही है और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी विपिन जैन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए है।

जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह मामला नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाके का है। संभावना है कि नेटवर्क न आने के कारण ऐसा हुआ हो। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version