मिस्र के गीज़ा शहर के पास रविवार को एक ट्रेन हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार देश के रेलवे प्राधिकरण ने बताया कि गीज़ा और काहिरा से दक्षिण की ओर जा रही दो ट्रेनें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक ढलान से नीचे गिर गए।
घटनास्थल की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोग पलटे हुए डिब्बों के अंदर घायल यात्रियों को ढूँढ़ रहे हैं। मौके पर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया है।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि “हादसे के कारणों की जाँच की जाए और लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति को ज़िम्मेदार ठहराया जाए।” सरकारी अभियोजक कार्यालय ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। सरकार ने बताया कि इलाके के अस्पतालों को “हाई अलर्ट” पर रखा गया है, क्योंकि वहाँ बड़ी संख्या में घायल लोग पहुँच रहे हैं।
Also Read : एलएंडटी को नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार की परियोजना का ठेका
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. खालिद अब्देल गफ़्फ़ार ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से कई लोगों की हड्डियाँ टूटी हैं या सिर में चोटें आई हैं। मिस्र के ‘रेड क्रिसेंट’ (रेड क्रॉस जैसा संगठन) ने बताया कि वे घटनास्थल पर पीड़ितों और उनके परिवारों को मदद और मानसिक सहारा (काउंसलिंग) दे रहे हैं।
मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वालों में एक ट्रेन का चालक भी शामिल है। हादसे का शिकार हुई पहली ट्रेन गीज़ा से फ़यूम (काहिरा के दक्षिण में) जा रही थी। रास्ते में यह ट्रेन काहिरा से असवान की ओर जा रही एक दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जो उस समय पटरी पर खड़ी थी।
घटनास्थल की तस्वीरों में कुछ डिब्बे पलटे हुए दिखाई दिए, जिनमें से कम से कम एक डिब्बा दो हिस्सों में टूटा हुआ लग रहा था।
गिज़ा और अपर मिस्र क्षेत्र के बीच ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है और क्षतिग्रस्त ट्रेनों को हटाने के लिए क्रेनें भेजी गई हैं। रेलवे प्रशासन ने यह नहीं बताया है कि इस काम में कितना समय लगेगा।
यह टक्कर अल-अय्यात में काफ़्र अम्मार और अल-रक़्क़ा स्टेशनों के बीच हुई। यह जगह उस स्थान के काफी करीब है, जहाँ फरवरी 2002 में मिस्र की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटना हुई थी , तब काहिरा से लक्सर जा रही एक यात्री ट्रेन में आग लग गई थी।
उस घटना में आधिकारिक तौर पर 370 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, हालाँकि कुछ अनुमानों के अनुसार मरने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक थी।
Pic Credit : UNI
