Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ऐतिहासिक भूल सुधार की कांग्रेस की कोशिश

कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक भूल सुधार की कोशिश कर रही है। वह मुसलमानों को संदेश देना चाहती है कि कांग्रेस ही उनकी असली हमदर्द और खैरख्वाह पार्टी है। बाबरी मस्जिद का विवादित ढांचा टूटने पर सोनिया गांधी के रोने और दिवाली को ईद कहने के मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को इसी संदर्भ में देखने की जरुरत है। असल में बाबरी मस्जिद के ढांचे का विध्वंस कांग्रेस के माथे पर स्थायी कलंक है। उसके बाद ही मुसलमानों ने गंभीरता के साथ कांग्रेस का विकल्प खोजना शुरू किया था और जहां भी विकल्प मिला वहां कांग्रेस को छोड़ दिया। उससे पहले कांग्रेस हारी थी लेकिन उस हार के दूसरे कारण थे। 1989 का चुनाव बोफोर्स कांड के बाद वीपी सिंह द्वारा पैदा की गई लहर और भाजपा के राम मंदिर आंदोलन की छाया में हुआ था, जिसकी वजह से कांग्रेस हारी थी।

उस समय भी मुसलमानों ने कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा था। 198 सीटों के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी थी। उसी साल उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 94 सीटें जीती थीं और 1990 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस 72 सीटें जीत कर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी थी। लेकिन छह दिसंबर 1992 के बाद सब बदल गया। यह मुसलमानों के वोट से संभव हुआ था क्योंकि ब्राह्मण तो अटल बिहारी वाजपेयी व मंदिर आंदोलन के कारण भाजपा के साथ चले गए थे और राजपूत व मझोली जातियां जनता दल के साथ थीं।

असल में मुसलमानों ने बाबरी मस्जिद का ढांचा टूटने के लिए जितना भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद को जिम्मेदार माना उतना ही कांग्रेस को भी माना। उसके बाद उन्होंने कांग्रेस को सजा देनी शुरू की। राष्ट्रीय स्तर पर तो कांग्रेस का विकल्प उनको नहीं मिल पाया इसलिए राष्ट्रीय चुनाव में व्यापक रूप से मुस्लिम वोट कांग्रेस के साथ रहा है। लेकिन राज्यों में उनको विकल्प मिल गया और उन्होंने कांग्रेस को छोड़ दिया। बिहार में पहले जनता दल और फिर राष्ट्रीय जनता दल के साथ गए। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से जुड़े। पश्चिम बंगाल में लेफ्ट के साथ और फिर तृणमूल कांग्रेस के साथ गए। हाल की मिसाल देखें तो दिल्ली में विकल्प मिलते ही आम आदमी पार्टी के साथ चले गए। मुसलमान राज्य दर राज्य कांग्रेस को छोड़ता गया।

कांग्रेस ने भी उनको जोड़ने का बहुत गंभीर प्रयास नहीं किया क्योंकि उसको लग रहा था कि देर सबेर मुस्लिम उसके पास ही लौटेंगे। परंतु अब लगातार 12 साल से ज्यादा समय तक केंद्र की सत्ता से बाहर रहने और अधिकतर राज्यों में हार जाने के बाद कांग्रेस को लग रहा है कि मुस्लिम वोट पूरी तरह से लौटे बगैर उसके जीतने की संभावना बहुत कम है। इसका एक मुख्य कारण तो भाजपा की हिंदुत्व की राजनीति है। लेकिन दूसरा बड़ा कारण कांग्रेस की सहयोगी पार्टियों या भाजपा विरोधी अन्य पार्टियों के साथ मुस्लिम वोट का कंसोलिडेशन है। मुस्लिम मतदाता राज्यों में कांग्रेस की बजाय ऐसी प्रादेशिक पार्टियों के साथ जा रहे हैं, जिनके पास अपना कोई जातीय वोट आधार है। कांग्रेस इस मामले में कमजोर पड़ जाती है। प्रादेशिक पार्टियों के पास जातीय आधार है और वे कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा खुल कर मुसलमानों की बात करती हैं। दूसरी ओर कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण के भाजपा के आरोपों के कारण बैकफुट पर थी।

अब ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस को यह बात समझ में आ गई है कि उसे भी खुल कर मुसलमानों की बात करनी होगी। दबे छिपे शब्दों में या घुमा फिरा कर बात करने से उनका भरोसा नहीं जीता जा सकेगा। तभी सोनिया गांधी ने अपनी किताब में यह लिखने का जोखिम लिया कि बाबरी मस्जिद टूटते देख कर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। उन्होंने लिखा है कि वे खूब रोई थीं और उनके आंसू नहीं रूक रहे थे। यह कांग्रेस के हिचक छोड़ देने का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इसके बाद दिवाली के मौके पर बधाई देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह ‘खुशियों की ईद’ है। इससे भी पता लग रहा है कि कांग्रेस बहुत सोच समझ कर एक जोखिम ले रही है।

यह भी कह सकते हैं कि भाजपा के साथ उसकी पिच पर राजनीति करके विफल होने के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस ने यह रास्ता चुना है। पहले तो राहुल भी मानते रहे कि मुस्लिम वोट के पास कोई विकल्प नहीं है इसलिए वह तो कांग्रेस के साथ ही रहेगा। तभी वे हिंदू मतदाताओं को लुभाने में लगे रहे। अपने को दत्तात्रेय गोत्र का कौल ब्राह्मण बताते रहे। मानसरोवर और केदारनाथ की यात्रा करते रहे। अपने को शिव का अनन्य भक्त साबित करने में लगे रहे। अब उनको समझ में आ गया है कि वे इस राजनीति में नरेंद्र मोदी के आगे नहीं टिकेंगे। तभी व्यापक हिंदुत्व की बजाय बहुजन और मुस्लिम राजनीति को साधने का प्रयास शुरू किया गया। खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद दलित मतदाताओं का एक सहज झुकाव कांग्रेस की ओर बना। खड़गे अक्टूबर 2022 में अध्यक्ष बने थे और उसके बाद पहले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन आश्चर्यजनक रूप से बेहतर हो गया। उससे राहुल का हौसला बढ़ा और वे खुल कर जाति जनगणना, आरक्षण बढ़ाने, निजी सेक्टर में आरक्षण देने, प्रमोशन में आरक्षण आदि की बात करने लगे।

राहुल गांधी और कांग्रेस को अब यह समझ में आ गया है कि जाति जनगणना के कारण समाज में जातीय विभाजन और बढ़ेगा। जब जातियां हिंदुत्व के व्यापक नैरेटिव से बाहर निकल कर वोट करेंगी तो उनके वोट के कई दावेदार होंगे। भाजपा भी होगी और कांग्रेस भी होगी। साथ ही अनेक प्रादेशिक पार्टियां भी होंगी, जो जाति आधारित हैं। ऐसे समय में एकजुट मुस्लिम वोट कांग्रेस की बहुत बड़ी ताकत बन सकता है। इसलिए वह अब हिचक छोड़ कर खुले तौर पर मुस्लिम हितैषी पार्टी के तौर पर सामने आई है। ऐसा करने का एक बड़ा कारण यह भी है कि मुस्लिम पहचान वाली पार्टियां ज्यादा आक्रामक राजनीति करने लगी हैं। असम और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव नतीजों ने भी कांग्रेस की आंख खोली है। उसको लग रहा है कि अगर वह दबी जुबान में या परोक्ष रूप से मुस्लिम हित की बात करेगी तो असदुद्दीन ओवैसी, बदरूद्दीन अजमल, हुमायूं कबीर या मुस्लिम लीग के नेता बाजी मार लेंगे।

देश में जिस तरह विभाजन बढ़ रहा है उसे देखते हुए कांग्रेस को यह चिंता भी है कि कांग्रेस बनाम मुस्लिम लीग वाली ऐतिहासिक स्थिति बन सकती है। उस समय तो कांग्रेस के पास हिंदुओं का वोट था क्योंकि उसमें हिस्सा लेने वाली पार्टियां नहीं थीं। लेकिन अब तो बहुत मुश्किल है। इसलिए कांग्रेस की राजनीति बदल रही है और आने वाले दिनों में इस तरह की बातें और सुनाई देंगी। हालांकि इससे कांग्रेस का अपनी सहयोगी पार्टियों के साथ तनाव बढ़ेगा क्योंकि उनकी उम्मीदों का आधार भी मुस्लिम वोट ही है। ध्यान रहे नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले यह मिथक तोड़ा था कि मुस्लिम सरकार बनवाते हैं। लंबे समय तक यह माना जाता था कि मुस्लिम वोट बैंक की सरकार बनवाता है। भाजपा की लगातार जीत से यह मिथक टूटा। लेकिन अब हालात ऐसे बन रहे हैं कि उस मिथक की वापसी हो सकती है। तभी कांग्रेस ने सबसे पहले आगे बढ़ कर मौके को लपकने का प्रयास किया है। हिंदुओं का जाति में विभाजन और दलित समुदाय की जाग्रत राजनीतिक चेतना के बीच एकजुट मुस्लिम वोट देश की राजनीतिक तस्वीर बदल सकता है।

Exit mobile version