Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत क्या आर्थिक तबाही के मुहाने पर है?

यह बात राहुल गांधी ने कही है। मंगलवार, 17 नवंबर को न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ संवाद के दौरान अमेरिकी पत्रकार लिडिया पोलग्रीन के साथ बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने भारत के मौजूदा आर्थिक मॉडल की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था ‘डिजास्टर’ यानी तबाही की कगार पर बैठी है। इससे पहले जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था का मजाक उड़ाते हुए इसे ‘डेड इकोनॉमी’ कहा था तब भी राहुल ने उनके इस बयान को इंडोर्स किया था। तभी सवाल है कि क्या सचमुच भारत का ऑर्थिक मॉडल बहुत खराब है? अगर खराब है तो क्या एनडीए की मौजूदा सरकार इस मॉडल को लेकर आई है या यह भारत में पहले से चल रहे ऑर्थिक मॉडल की निरंतरता है? और क्या सचमुच भारत की अर्थव्यवस्था ‘डिजास्टर’ की कगार पर है और कभी भी तबाह हो सकती है?

इन सवालों के जवाब आसान नहीं हैं। अगर राजनीतिक पैमाने पर अच्छे और बुरे की बाइनरी में देखेंगो तो निष्कर्ष आसानी से निकल सकता है। लेकिन वस्तुनिष्ठ तरीके से देखेंगे तो जवाब ब्लैक एंड व्हाइट में हां या नहीं नहीं होगा। राहुल गांधी ने अपनी बात कहने का जो आधार बताया है उसमें भी सचाई है। उन्होंने बेरोजगारी और युवाओं की निराशा को एक कारण बताया। उन्होंने कहा कि कि भारत एक गंभीर रोजगार संकट से जूझ रहा है। उनके मुताबिक, देश की मौजूदा विकास दर पर्याप्त रोजगार पैदा करने में विफल रही है, जिससे शिक्षित और मध्यम वर्गीय युवाओं में अपने भविष्य को लेकर गहरा असंतोष है। इससे किसी को इनकार नहीं हो सकता है। हाल के दिनों में युवाओं के जो प्रदर्शन हुए हैं वो इसकी कहानी बयां करते हैं।

इसके बाद राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत के विनिर्माण सेक्टर की रीढ़ टूट चुकी है और पिछले एक दशक से देश के आर्थिक मॉडल ने अपेक्षित परिणाम देना बंद कर दिया है। उन्होंने एमएसएमई सेक्टर की विफलता का जिक्र किया और कहा कि छोटे व्यवसाय और कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, जो सबसे अधिक रोजगार देते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण ये क्षेत्र भारी दबाव में हैं। इससे भी किसी को इनकार नहीं हो सकता है। नवंबर 2016 में हुई नोटबंदी और 2017 में जल्दबाजी में लाई गई जीएसटी की व्यवस्था ने कृषि आधारित रोजगार और एमएसएमई सेक्टर को निश्चित रूप से कमजोर किया। इससे कोई इनकार नहीं कर सकता है कि मौजूदा सरकार ने एकाधिकार वाले मॉडल की अर्थव्यवस्था बनवाई है। बड़े कॉरपोरेशन बनाने के नाम पर चुनिंदा कंपनियों को आगे बढ़ाया है। इससे प्रतिस्पर्धा कम हुई है, जिसकी कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ रही है।

राहुल गांधी के बयानों के जवाब में भाजपा के नेता जो बयान दे रहे हैं वह बहुत सतही और काफी हद तक अनर्गल है। वे सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना को देश का विरोध कह रहे हैं। ऐसा नहीं है। राहुल गांधी भारत के खिलाफ दुष्प्रचार नहीं कर रहे थे। अगर वे आर्थिक नीतियों, रोजगार की स्थिति और शिक्षा व्यवस्था की खामियों की चर्चा किसी बौद्धिक विमर्श में करते हैं तो इसे भारत विरोधी नहीं कहा जा सकता है। ज्यादा से ज्यादा उनके शब्दों के चयन पर सवाल उठा सकते हैं और इसे अतिशयोक्ति कह सकते हैं। ध्यान रहे राहुल गांधी सरकार की आलोचना करते हुए हमेशा अतिशयोक्ति अलंकार में बात करते हैं। वे आलोचना को वस्तुनिष्ठ रखने का प्रयास नहीं करते हैं।

भारतीय अर्थव्यवस्था की जो कमियां हैं वो अपनी जगह हैं। लेकिन कुछ चीजों में सुधार भी हो रहा है। जो चीजें सुधर रही हैं उनमें यूपीए के शासन में मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते हुए किए गए प्रयासों का भी योगदान है। स्टैनली मॉर्गन ने भारत को उस समय तुर्की, इंडोनेशिय, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के साथ ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्था में रखा था। मनमोहन सिंह की नीतियों के कारण भारत 2014 में ही इससे बाहर निकल गया। उसके बाद बहुत सारी चीजें ठीक दिशा में आगे बढ़ी हैं। बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ा है और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी संरचना का विकास हुआ है। दुनिया के देशों के साथ भारत का व्यापार अब भी घाटे वाला है लेकिन निर्यात में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अक्टूबर में वस्तुओं का निर्यात 50 अरब डॉलर का रहा। वस्तु व सेवाओं का निर्यात 90 अरब डॉलर का रहा। अक्टूबर में निर्यात और आय़ात का अंतर घट कर 20 अरब डॉलर रह गया। कह सकते हैं कि भारत भले एआई की क्रांति में पिछड़ गया है लेकिन दूसरी कई चीजों में भारत का निर्यात बढ़ा है, जिसमें रक्षा उत्पादन भी एक है।

अप्रैल 2026 की अपनी रिपोर्ट में विश्व बैंक ने बताया है कि वैश्विक व्यापार तनावों के बावजूद वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी की वृद्धि दर 7.6 फीसदी रही। इसी तरह, अक्टूबर 2026 की अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ की रिपोर्ट भी इसकी पुष्टि करती है। जिन पैमानों पर स्टैनली मॉर्गन ने भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्था में रखा था उनमें एक पैमाना चालू खाते का घाटा था। यह अब लगभग पूरी तरह से नियंत्रण में है। अभी भारत का चालू खाते का घाटा एक से डेढ़ फीसदी के खांचे में है। ऐसे ही विदेशी मुद्रा का भंडार बहुत मजबूत स्थिति में है। हां, यह जरूर है कि भारतीय मुद्रा दबाव में है। इसके बावजूद विदेशी मुद्रा भंडार इतना बड़ा है कि भुगतान संकट नहीं खड़ा होगा। महंगाई कई साल के बाद पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से तय की गई छह फीसदी की अधिकतम सीमा से ऊपर गई है।

तभी राहुल गांधी ने जो कहा है वह एक तीखी राजनीतिक अतिशयोक्ति की तरह है। अर्थशास्त्र की भाषा में ‘आर्थिक तबाही’ का अर्थ अत्यधिक महंगाई, मुद्रा का पूर्ण पतन, दिवालियापन या भारी आर्थिक संकुचन होता है। सात फीसदी के आसपास की जीडीपी वृद्धि दर, नियंत्रित महंगाई और मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार को देख कर कहा जा सकता है कि भारत किसी भी तरह की तबाही या मंदी की कगार पर नहीं है। हां, यह सही है कि अर्थव्यवस्था में कुछ गंभीर संरचनात्मक गड़बड़ियां हैं। समग्र बेरोजगारी दर भले ही पांच फीसदी से नीचे हो, लेकिन शहरी युवाओं में बेरोजगारी और अल्प रोजगार एक बड़ी चिंता की बात है। कृषि क्षेत्र में अब भी काम करने वाले लोगों का एक बड़ा हिस्सा कम उत्पादकता वाले कामों में लगा हुआ है। ऐसे ही असमान विकास भी एक बड़ी चिंता की बात है। भारत में ‘वी शेप’ की बजाय ‘के शेप’ विकास ढांचे की वजह से अर्थव्यवस्था में बड़े कॉरपोरेट घरानों का मुनाफा और बाजार हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है, जबकि अनौपचारिक क्षेत्र और छोटे उद्यम नोटबंदी, जीएसटी और महामारी के झटकों के बाद भी पूरी तरह से पुरानी गति हासिल नहीं कर पाए हैं। सो, कह सकते हैं कि भले व्यापक आर्थिक संकेतकों के लिहाज से भारतीय अर्थव्यवस्था स्थिर है और वैश्विक अस्थिरता के बीच भी अपनी विकास गति को बनाए हुए है। इसके बावजूद रोजगार सृजन की धीमी रफ्तार, ग्रामीण और शहरी उपभोग के बीच की खाई, विनिर्माण क्षेत्र का जीडीपी में सीमित योगदान और आर्थिक असमानता ऐसी कमजोर कड़ियां हैं, जिन्हें यदि समय रहते नहीं सुलझाया गया, तो दीर्घकाल में जनसांख्यिकीय लाभांश एक बड़ी सामाजिक और आर्थिक चुनौती में बदल सकती है।

Exit mobile version