प्रधानमंत्री ने फिक्की सम्मेलन में जो कहा, भले वे आम बातें हों, लेकिन सर्वोच्च सत्ताधारी के मुंह से उन्हें सुनना हाल में आम तजुर्बा नहीं रहा है। इसीलिए इस पर हैरत हुई और कयास लगाए गए कि आखिर मोदी ने वो सब क्यों कहा, जिसका अर्थ खुद उनकी सरकार की नाकामी समझा जाएगा?… ऐसी हकीकत की तरफ इशारा करने वालों को देश-विरोधी या विघ्न-संतोषी जैसे नाम दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को नई दिल्ली में फिक्की के शताब्दी वर्ष समारोह का उद्घाटन करते हुए उद्योगपतियों को फटकार लगाई, जिसने एक महत्त्वपूर्ण बहस को जन्म दिया है। मोदी के भाषण का एक अच्छा नतीजा यह हुआ कि गुजरे एक-सवा दशक में उद्योगपतियों ने कितना मुनाफा कमाया, कितना निवेश किया, किस तरह टैक्स बचाए और सरकार से उन्हें किन-किन प्रकार की रियायतें मिलीं, इन सब पर खासकर अंग्रेजी अखबारों में खूब रिपोर्टिंग हुई है। ऐसी दर्जनों रिपोर्टें छपीं, जिनसे उन बातों की पुष्टि हुई, जिनको लेकर प्रधानमंत्री ने फटकार लगाई थी।
ये नई बातें नहीं हैं। जब-तब इनकी चर्चा होती रही है। लेकिन पहले सरकार का अंदाज ऐसी रिपोर्टों या चर्चाओं को नकारने वाला होता था। अब चूंकि खुद प्रधानमंत्री ने वही बातें कहीं, तो उन तथ्यों और रिपोर्टों का एक नया संदर्भ बन गया है। इसलिए उचित होगा कि उद्योग जगत से प्रधानमंत्री की शिकायतों पर फिर एक नज़र डाल ली जाएः
- मोदी ने कहा कि कॉरपोरेट टैक्स को 30 प्रतिशत से घटा कर उनकी सरकार ने 22 फीसदी कर दिया। 12 लाख रुपये तक की आमदनी को आय कर से मुक्त कर दिया गया। सरकार के मुताबिक ऐसा बाजार में मांग बढ़ाने की कोशिश में किया गया। लेकिन मांग बढ़ी नहीं। तो प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से पूछा कि इतनी राहत और मुनाफे के बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ाई और नए रोजगार क्यों नहीं पैदा किए?
- जाहिर है, ऐसे सवाल उद्योगपतियों को रास नहीं आए होंगे। तो प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान तालियां कम बज रही थीँ। इसका जिक्र करते हुए कटाक्ष के अंदाज में मोदी ने कहा- उद्योग जगत की “भूख इतनी ज्यादा है कि कितना भी खिलाओ, उनका पेट नहीं भरता।”
- मोदी ने इस मानसिकता की आलोचना की कि कंपनियां खुद जोखिम उठाने के बजाय हर काम के लिए सरकार की ओर देखती हैं (“मोदी जी आप करिए, हम देखते रहेंगे”)।
- पीएम ने कहा कि सरकार ने दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते कर भारतीय कंपनियों के लिए वैश्विक बाजार के दरवाजे खोल दिए हैं। लेकिन उद्योग जगत ने इनका लाभ उठाने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है, उसने कोई तैयारी नहीं की है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत “दुनिया की फार्मेसी” कहलाता है, फिर भी हम अरबों डॉलर के कच्चे माल (APIs) का आयात करते हैं। इसी तरह, बॉक्साइट और लौह अयस्क के भंडार होने के बावजूद तैयार स्टील और एल्युमीनियम मिश्र धातुओं का आयात करते हैं। उन्होंने पूछा कि उद्योगपति ऐसे कच्चे माल से खुद वस्तु उत्पादन क्यों नहीं करते?
- मोदी ने निर्यातकों की इस प्रवृत्ति पर आपत्ति जताई कि वे सबसे अच्छी गुणवत्ता का सामान विदेश भेजते हैं, जबकि भारतीय उपभोक्ताओं को कमतर गुणवत्ता का सामान देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ग्राहकों को भी विश्व स्तरीय गुणवत्ता मिलनी चाहिए।
- प्रधानमंत्री ने उद्योगों से अपने “कंफर्ट जोन” से बाहर निकलने और रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) में निवेश बढ़ाने को कहा। उन्होंने हैंड टूल्स, पावर टूल्स, डेयरी इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में भारत की वैश्विक हिस्सेदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
अब अगर गौर करें, तो ये वो बातें हैं, जो भारत के विकास मॉडल के आलोचक वैसे तो दशकों से, लेकिन विशेषकर मोदी के कार्यकाल में बार-बार कहते रहे हैं। मोदी के कार्यकाल में इन बातों को कहने का खास संदर्भ यह है कि यह काल बड़बोलेपन का रहा है। इसमें जो उपलब्ध नहीं है, उसे भी उपलब्धि बताने, देश के विश्व मंच पर तेजी से आगे बढ़ने, और सबकी खुशहाली के साथ ऐसा होने के दावे खूब बढ़ा-चढ़ा कर किए गए हैं। इतना ही नहीं, हकीकत की तरफ इशारा करने वालों को देश-विरोधी या विघ्न-संतोषी जैसे नाम दिए गए हैं। जो भी सरकारी दावों की हकीकत बताना चाहे, उसके खिलाफ मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए सत्ता पक्ष आक्रामक अभियान चलाता रहा है।
इसलिए प्रधानमंत्री ने फिक्की सम्मेलन में जो कहा, भले वे आम बातें हों, लेकिन सर्वोच्च सत्ताधारी के मुंह से उन्हें सुनना हाल में आम तजुर्बा नहीं रहा है। इसीलिए इस पर हैरत हुई और कयास लगाए गए कि आखिर मोदी ने वो सब क्यों कहा, जिसका अर्थ खुद उनकी सरकार की नाकामी समझा जाएगा? आखिर यह तो उन्होंने दो टूक कहा कि उद्योग जगत ने सरकार से तमाम रियायतें मिलने के बावजूद नौकरियां पैदा नहीं कीं, ना ही अपने कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाई। जाहिर है, अगर ऐसा होता, तो उससे बाजर में मांग पैदा होती और अर्थव्यवस्था में रफ्तार आती।
इस बिंदु पर इस स्तंभकार का भी एक कयास है। वो यह कि प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को अहसास होने लगा है कि धार्मिक विद्वेष, सामाजिक नफरत और उन पर आधारित ध्रुवीकरण को बढ़ाते जाने की रणनीति अब कारगर नहीं हो रही है। रोजमर्रा के स्तर समाज में आक्रोश फैलाना और उसके जरिए लोगों को उलझाए रखने का तरीका भोथरा पड़ने लगा है। इन्हीं तरीकों के जरिए नरेंद्र मोदी के दौर में भाजपा और उसके सहमना संगठनों ने राजनीति और अर्थनीति का संबंध विच्छेद करने में कामयाबी पाई थी, लेकिन उस उपाय की एक्सपाइरी डेट अब उन्हें नजर आने लगी है।
इसका सबसे ठोस संकेत कॉकरोच आंदोलन के दौरान मिला। कॉकरोच के बैनर तले संपन्न तबकों से आए नौजवानों के लगे जमावड़े में मोदी और भाजपा के लिए जिस तरह का अपमान भाव दिखा, उसका संकेत था कि अब वो पीढ़ी बालिग हो चुकी है, जो भाजपा के पुराने प्रचार की जद में कैद नहीं है। बल्कि वह शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी सवालों पर कठिन सवाल लेकर खड़ी है, जिनका जवाब मौजूदा सत्ताधारियों के पास नहीं है। ये वो नौजवान हैं, जो ऊंची करियर की आकांक्षा रखते हैं। ऐसा करियर अर्थव्यवस्था के संगठित क्षेत्र में ही मिल सकता है, लेकिन लगातार निजीकरण करते हुए सरकारों ने यह क्षेत्र अपनी पहुंच से बाहर कर दिया है।
साढ़े तीन दशक पहले चुना गया यह रास्ता कुछ भ्रामक धारणाओं पर टिका था। धारणाएं ये थीं कि बाजार को सार्वजनिक नियंत्रण एवं निगरानी से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाए, तो वह ऊर्जा पैदा होगी, जो देश को समृद्ध और आबादी को खुशहाल बनाएगी। इसीलिए इस दौर में ‘निवेशक’ और ‘धन उत्पादक’ नए देवता बन कर उभरे। यह विचार फैलाया गया कि अगर उनके रास्ते की तमाम बाधाएं हटा ली जाएं और तमाम सार्वजनिक संसाधन उन्हें सौंप दिए जाएं, तो वे असीमित धन पैदा करेंगे, जो धीरे-धीरे रिस कर जनसंख्या के तभी वर्गों तक पहुंचेगा। बड़े अमेरिकी पूंजीपतियों के प्रायोजित थिंक टैकों के जरिए अर्थशास्त्रियों- फ्रेडरिक हायक और मिल्टन फ्रीडमैन ने यह सिद्धांत विकसित किया था, जिसके मूलमंत्रों को रॉनल्ड रेगन (तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति) और मार्गरेट थैचर (तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री) ने मुख्यधारा राजनीति में स्थापित किया। लेकिन ये धारणाएं भ्रामक थीं, यह बात इनकी जन्म-स्थलियों में ही साबित हो चुकी है।
जहां भी इन्हें और इन पर आधारित नव-उदारवादी नीतियों को अपनाया, उन सब जगहों की कहानी आज एक समान है। वहां अर्थव्यवस्था के अलग-अलग क्षेत्रों में गिने-चुने पूंजीपति घरानों के एकाधिकार कायम हुए, जिन्होंने राजनीतिक सत्ता को अपने कब्जे में लेते हुए सिस्टम को धनिक-तंत्र में तब्दील कर दिया है। अब वहां अपनाई जाने वाली नीतियों पर उन तबकों का पूरा नियंत्रण है। जबकि उन नीतियों पर लोग आज भी नेताओं और राजनीतिक दलों को ही जवाबदेह मानते हैं, इसलिए अक्सर जन-आक्रोश का निशाना नेता/दल ही बनते हैं।
भारत में अब ऐसे जन-आक्रोश के संकेत चौतरफा मिल रहे हैं। नरेंद्र मोदी को जब भरोसा था कि मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुसलमान जैसे कथानकों से वे इस आक्रोश को एक-दूसरे समुदायों की ओर मोड़ देने में कामयाब बने रहेंगे, तब तक उन्होंने अपनी सरकार की आर्थिक नीतियों के परिणाम की चिंता नहीं की। तब तक पूंजीपतियों को वे सिर्फ यह कहते रहे कि अब जाकर उनके सच्चे दोस्त के हाथ में देश की बागडोर आई है। फिक्की के सम्मेलन में भी मोदी ने इस पर जोर दिया कि इस समय केंद्र में उद्योगपतियों की दोस्त सरकार है, जिसने लगातार उनकी मांगे पूरी की हैं। लेकिन इस बार उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर उद्योगपतियों ने नौकरी देकर और तनख्वाह बढ़ा कर ऐसी स्थिति क्यों नहीं बनाई, जिससे सत्ताधारी दल ने मतदाताओं में जो उम्मीदें जगाई थीं, वे पूरी भले ना होतीं, तो कम-से-कम उसके पूरी होती दिखने का भ्रम बना रहता!
लेकिन अब मोदी या उनकी सरकार के हाथ में कुछ नहीं है। दरअसल, मौजूदा ढांचे के अंदर बनने वाली किसी सरकार के हाथ में कुछ नहीं रहेगा। इनमें वे विपक्षी दल भी हैं (अगर उनकी सरकार बनी तो), जिन्होंने मोदी के इस भाषण को लेकर उन्हें घेरने की कोशिश की। इसलिए कि साढ़े तीन दशक पहले अपनाई गई नीतियों के बुनियाद में यह सोच थी कि सरकार को अपनी वह हस्तक्षेप क्षमता नष्ट कर देनी चाहिए, जिसके जरिए वह अर्थव्यवस्था में अपनी भूमिका बना सकती थी। रॉनल्ड रेगन ने कहा था कि सरकार किसी समस्या का हल नहीं है, बल्कि सरकार ही समस्या है। इस बात को अलग-अलग रूप में अन्य नेता कहते आए हैं। इनके बीच मोदी का प्रिय जुमला रहा है- government has no business to be in business यानी कारोबार में दखल देना सरकार का काम नहीं है। इस बात का अगला चरण यह होता है कि जन-कल्याण भी सरकार का कार्य नहीं है। इसका चरम रूप में डॉनल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका में देखने को मिला है।
इस तरह नव-उदारवाद के तहत कल्याणकारी राज्य (welfare state) की अवधारणा को भी पीछे छोड़ दिया गया है। भारत में भी राज्य (state) ने अपना यह स्वरूप बदला है। चुनावी मजबूरियों में नकदी ट्रासंफर की योजनाएं अब सर्वोपरि हो गई हैं, जबकि बाकी सब कुछ निजी क्षेत्र केंद्रित कर दिया गया है।
जब अर्थव्यवस्था की दिशा तय करना और जन-कल्याण सरकारों का यह काम नहीं रह जाता, तो सुरक्षा उसकी एकमात्र जिम्मेदारी रह जाती है। इस रूप में security state की अवधारणा व्यवहार में आती है। कुछ राजनीति-शास्त्री ऐसे राज्य को bunker state कहते हैं- यानी वैसा राज्य, जो युद्ध के लिए बनने वाले बंकरों का रूप लेकर हमेशा आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के कार्य में चौकस रहता है। गंभीरता से विचार करें, तो यह साफ होता है कि भारत में यह धारणा काफी हद तक व्यावहारिक रूप ले चुकी है। इससे पूंजीपतियों और अन्य शासक वर्गों की जरूरतें पूरी हो जाती हैं। मगर, आम जन उसी अनुपात में सार्वजनिक नीतियों से दायरे से बाहर होते जाते हैं।
मशहूर नाटककार बर्तोल्त ब्रेख्त की एक मशहूर कविता (हिंदी अनुवाद) है- “हम राज करें, तुम राम भजो!” यह शासक वर्ग की उस रणनीति का चित्रण करती है, जिसके तहत वह आम जन को धार्मिक-सामुदायिक विवादों में उलझा कर अपने “राज” को सुरक्षित करने का प्रयास करता है। लेकिन ऐसी कोई रणनीति हमेशा के कारगर नहीं होती। भारत में अब इस रणनीति के कारगर रहने की सीमा करीब आने के संकेत मिल रहे हैं। तो मोदी ने उद्योगपतियों को निशाना बना कर अपने असंतोष का इजहार किया।
प्रधानमंत्री को मालूम है कि उनकी सरकार की क्षमता अब असल में कितनी कमजोर हो चुकी है। इसका अंदाजा सिर्फ एक बजट आंकड़े से लग जाता है। वित्त वर्ष 2026-27 (केंद्रीय बजट) में केंद्र को सिर्फ ब्याज भुगतान पर लगभग 14।04 लाख करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। यह कुल केंद्रीय व्यय का लगभग 26 प्रतिशत हिस्सा है। अगर राजस्व प्राप्तियों (Revenue Receipts) की बात करें, तो यह उसका लगभग 40 फीसदी हिस्सा है। और यह आंकड़ा केवल ब्याज (interest payments) का है। अगर मूल धन (principal repayment) को भी शामिल किया जाए, तो कर्ज-संबंधी कुल भुगतान इससे कहीं अधिक हो जाता है, लेकिन आम बजट विश्लेषण में आम तौर पर ब्याज भुगतान के अनुपात ही जिक्र रहता है। तनख्वाह, पेंशन, राज्यों को हस्तांतरण और रक्षा खर्च को जोड़ लें, तो सरकारी बजट का तीन चौथाई हिस्सा इसमें चला जाता है। तो आर्थिक नियोजन या ठोस जन कल्याण के लिए धन कहां बचता है?
जाहिर है, वर्तमान नीतिगत ढांचे में सरकारें ज्यादा कुछ कर नहीं सकतीं। उन्होंने उद्योग क्षेत्र से अयथार्थ उम्मीदें जोड़ी थीं, जिनकी सच्चाई अब सामने आ चुकी है। तो प्रधानमंत्री ‘सिक्युरिटी’ मामलों में भले बेहद ताकतवर दिखते हों, लेकिन जब बात अर्थव्यवस्था की आती है, तो लाचार नजर आते हैं।
यह लाचारी सिर्फ नीतियों को बदलकर और राजसत्ता के प्राधिकार (authority) को वापस ला कर ही तोड़ी जा सकती है। तभी सरकारें प्रगतिशील कराधान से अपनी क्षमता बढ़ाने और वैसा हस्तक्षेप करने के योग्य बनेंगी, जिससे उद्योगपतियों के सामने उन्हें हाथ ना फैलाना पड़े। लेकिन इसके लिए राजनीति की समझ बदलनी होगी। इसकी शुरुआत नीतिगत मुद्दों पर व्यापक जन गोलबंदी से करनी होगी, ताकि पूंजीपति अपने साज़िशाना तौर-तरीकों से सरकारों का चलना मुहाल ना कर सकें। बहरहाल, यह बात अभी ना तो किसी दल के एजेंडे पर है, और ना ही इस विमर्श में किसी की राजनीतिक समूह दिलचस्पी है। ऐसे में मीडिया और बुद्धिजीवी वर्ग की यह मजबूरी बनी हुई है कि पूंजीपतियों को लगी फटकार भर से वह या तो संतुष्ट हो जाएं या इसको लेकर सत्ताधारी नेता को घेरें! लेकिन हकीकत यही है कि बात के यहीं तक सीमित रहने से कोई समाधान नहीं निकल पाएगा।
