Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हमारे सांस्कृतिक परंपरा में आतिशबाजी नहीं

सनातन परंपरा में दीपावली का अर्थ अंधकार पर प्रकाश की विजय है, न कि धुएं और शोर से आकाश को भर देना। सनातन धर्म के शब्दकोश में ‘आतिशबाजी’ जैसा कोई शब्द ही नहीं है। यह परंपरा मध्ययुग में पश्चिम एशिया से आई। हमारे पुराने ग्रंथों, रामायण या पुराणों में दीपावली को दीपों, यज्ञ, तोरण, रंगोली और सामूहिक उत्सव से जोड़ा गया है। तेल या घी के दीपक जलाना, आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों से यज्ञ करना….

इस बार दीपावली पर दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हवा एक बार फिर हद से ज़्यादा जहरीली हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक दीपावली के दिन दिल्ली का औसत AQI 376 रहा, जो पिछले कई वर्षों में सबसे खराब स्तरों में से एक था। कई स्टेशनों पर यह ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया और रात के समय कुछ इलाकों में PM 2.5 का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन की सीमा से कई गुना ऊपर चला गया। ‘भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान’ के आंकड़ों के अनुसार दीपावली की रात के बाद सुबह के समय दिल्ली की PM 2.5 प्रदूषण में पटाखों का योगदान 71 प्रतिशत तक पहुंच गया। यह कोई नया संकट नहीं है, लेकिन हर साल इसकी गंभीरता बढ़ती जा रही है।

इसी माहौल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में कहा कि, “लोग कह रहे हैं कि दीपावली पर प्रदूषण हो गया, तो क्या हुआ? अगर प्रदूषण बढ़ा भी है तो कम भी हो जाएगा।” इसलिए उनकी सरकार ने पटाखों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया और उन्होंने खुद अयोध्या में आतिशबाजी में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि, “भ्रष्टाचार से पूरे सिस्टम को प्रदूषित करने वालों पर कोई नहीं बोलता, लेकिन वर्ष में एक दिन पटाखे फोड़ने पर प्रदूषण की बात शुरू हो जाती है।”

यह बयान कई मायनों में चिंताजनक है। प्रदूषण ‘एक दिन का मामला’ नहीं है। इसकी परतें शरीर में जमा होती हैं। बच्चों के फेफड़ों, बुजुर्गों की सांस और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर लंबे समय तक रहता है। जो धुआं आज उठता है, वह कल कम हो सकता है, लेकिन जो नुकसान हो चुका होता है, वह आसानी से वापस नहीं आता। दिल्ली-एनसीआर में हर साल दीपावली के बाद अस्पतालों में सांस की बीमारियों के मामले तेज़ी से बढ़ जाते हैं। यह कोई राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि साल दर साल दोहराए जाने वाले तथ्य हैं।

सनातन परंपरा में दीपावली का अर्थ अंधकार पर प्रकाश की विजय है, न कि धुएं और शोर से आकाश को भर देना। सनातन धर्म के शब्दकोश में ‘आतिशबाजी’ जैसा कोई शब्द ही नहीं है। यह परंपरा मध्ययुग में पश्चिम एशिया से आई। हमारे पुराने ग्रंथों, रामायण या पुराणों में दीपावली को दीपों, यज्ञ, तोरण, रंगोली और सामूहिक उत्सव से जोड़ा गया है। तेल या घी के दीपक जलाना, आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों से यज्ञ करना, आम के पत्तों का तोरण बांधना, मिट्टी के दीये और खिलौने रखना, ये सब परंपराएं पर्यावरण को शुद्ध करने वाली थीं, उसे दूषित करने वाली नहीं।

वैदिक साहित्य के विश्व में सर्वाधिक ज्ञानी पुरी पीठाधीश्वर श्रद्धेय श्री स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी का इस विषय में कहना है, “ये सब जो शास्त्र सम्मत त्योहार, पर्व, उत्सव हैं, इनमें जो विकृतियां आ गई हैं। पृथ्वी, जल, तेज, वायु, ऊर्जा के आस्तिक-नास्तिक, वैदिक-अवैदिक, उभयसम्मत स्रोत हैं। उनको उदीप्त करने वाला पर्व दीपोत्सव है। लेकिन पटाखों और आतिशबाजी के माध्यम से वातावरण को कलुषित करने का प्रकल्प चला है। तो पवित्र त्योहार को भी एक कलुषित मनोविनोद का रूप दे दिया गया है। ये अंधपरंपरा धीरे-धीरे आस्तिकता का रूप धारण कर रही है।”

आज बाजार के प्रभाव में हमने त्योहारों को आक्रामक और दिखावटी बना दिया है। पटाखे जलाना अब खुशी का प्रतीक कम, आर्थिक सामर्थ्य का प्रदर्शन ज्यादा हो गया है। बच्चे रात भर शोर से सो नहीं पाते, जानवर परेशान होते हैं, और बुजुर्ग सांस लेने में कठिनाई महसूस करते हैं। मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों में भी यह दृश्य आम हो चुका है। कुछ साल पहले जब दिल्ली की जहरीली हवा से बचने के लिए हमारा परिवार वृंदावन गया था, तो वहां रात दो बजे तक पटाखों का शोर सुनाई दिया। गायें बेचैन थीं और बच्चे सो नहीं पाए। जागरूकता और प्रशासनिक सख्ती जहां होती है, वहां असर दिखता है; जहां नहीं होती, वहां त्योहार प्रदूषण का माध्यम बन जाता है।

मुख्यमंत्री का यह कहना कि प्रदूषण कम हो जाएगा, तकनीकी रूप से सही हो सकता है, लेकिन यह सवाल का जवाब नहीं है। दुनियाँ के सौ सबसे प्रदूषित शहरों में निन्यानवे भारत में हैं। ये शर्म की बात है। सवाल यह है कि हम जानबूझकर प्रदूषण क्यों बढ़ाएं? जब दिल्ली-एनसीआर पहले से ही ‘बहुत खराब’ हवा में सांस ले रहा हो, तब अतिरिक्त प्रदूषण का भार क्यों डालें? ‘ग्रीन पटाखे’ का तर्क भी अधूरा है। विशेषज्ञ बताते हैं कि ये सामान्य पटाखों की तुलना में थोड़े कम प्रदूषण फैलाते हैं, लेकिन भारी मात्रा में जलाने पर कुल प्रदूषण कम नहीं होता। और व्यवहार में देखा गया है कि प्रतिबंधित पटाखे भी आसानी से बिक जाते हैं।

सनातन धर्म का मूल स्वभाव संयम और प्रकृति के साथ सामंजस्य का है। त्योहार आनंद और पर्यावरण की शुद्धि के लिए थे। आज जब हम मिट्टी के दीयों को छोड़कर प्लास्टिक और चीनी सामान की ओर बढ़ रहे हैं, तो कुम्हारों का रोजगार भी प्रभावित हो रहा है। अगर हम दीपावली को केवल दीपों, सामूहिक प्रार्थना, परिवार के साथ मंगल गीत और बच्चों द्वारा लीलाओं के मंचन से मनाएं, तो उत्सव का आनंद बना रहेगा और नुकसान कम होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी यह परंपरा कुछ हद तक जीवित है। शहरी युवाओं को इसे अपनाने की जरूरत है।

राजनीतिक स्तर पर भी संतुलित दृष्टि की जरूरत है। भ्रष्टाचार सिस्टम को प्रदूषित करता है, यह सही है। लेकिन एक गलत का जवाब दूसरा गलत नहीं हो सकता। जब सरकार खुद कहे कि पटाखों पर कोई रोक नहीं, तो जनता को संदेश मिलता है कि प्रदूषण की चिंता गौण है। अयोध्या जैसे पवित्र स्थल पर आतिशबाजी का आयोजन धार्मिक उत्साह बढ़ा सकता है, लेकिन यह संदेश भी जाना चाहिए कि सच्ची भक्ति में पर्यावरण की रक्षा भी शामिल है। भगवान राम ने जंगल में रहकर भी प्रकृति का सम्मान किया। दीपावली उनके अयोध्या लौटने का उत्सव है, न कि धुएं से आकाश को ढकने का।

आने वाली पीढ़ियों को अगर हम अपनी संस्कृति का गर्व कराना चाहते हैं, तो उन्हें साफ हवा में सांस लेने का हक भी देना होगा। तनाव, बीमारी और पर्यावरणीय क्षति आधुनिक जीवन के ‘प्रसाद’ बन चुके हैं। इन्हें कम करने का एक रास्ता अपनी जड़ों की ओर लौटना है — दीप जलाकर, यज्ञ करके, परिवार के साथ बैठकर, न कि पटाखों के शोर में। सर्वोच्च न्यायालय ने समय-समय पर प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन उनका पालन तभी होगा जब जनता और प्रशासन दोनों जागरूक हों। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अगर मुख्यमंत्री स्तर पर संदेश मिले कि ‘एक दिन का प्रदूषण कोई बात नहीं’, तो जागरूकता का काम और कठिन हो जाता है।

दीपावली प्रकाश का त्योहार है। प्रकाश तभी सार्थक है जब वह अंधकार को मिटाए, नया अंधकार न पैदा करे। पटाखों का धुआं उस प्रकाश को धुंधला कर देता है। हमें चुनना होगा कि हम अपनी परंपरा की शुद्धता को बचाएं या बाजार और दिखावे के दबाव में उसे विकृत करते जाएं। स्वास्थ्य, पर्यावरण और संस्कृति तीनों की रक्षा एक साथ संभव है। बस हमें यह स्वीकार करना होगा कि सच्ची दीपावली दीपों की होती है, पटाखों की नहीं।

Exit mobile version