Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नेहरू-गांधी परिवार का जादू तो है

सोनिया गांधी की किताब को लेकर जो कौतुहल और लोगों में जो दिलचस्पी दिखी है उससे फिर यह बात प्रमाणित हुई है कि नेहरू-गांधी परिवार का जादू लोगों में अब भी है। सोचें, इस परिवार का कोई सदस्य पिछले 27 साल से प्रधानमंत्री या मंत्री नहीं बना है। 1989 के चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी थी और राजीव गांधी चाहते तो सरकार बना सकते थे। लेकिन उन्होंने सरकार नहीं बनाई। उसके बाद से परिवार का कोई व्यक्ति सरकार में नहीं रहा है। लगातार साढ़े 12 साल से कांग्रेस केंद्र की सत्ता से बाहर है। इसके बावजूद नेहरू-गांधी परिवार का करिश्मा खत्म नहीं हुआ है। राजधानी दिल्ली से लेकर देश के दूरदराज के इलाकों में भी लोग सोनिया गांधी की किताब खरीद रहे हैं और अपनी पसंद की चीजें अंडरलाइन करके सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इसमें सिर्फ नेता नहीं हैं। बहुत से आम पाठक भी हैं।

वैसे भी नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के जीवन की कहानियां दिलचस्प रही हैं। इसके अलावा पहले आरएसएस व जनसंघ ने और बाद में भारतीय जनता पार्टी ने उस परिवार को लेकर जितनी तरह की बातें फैलाई हैं, उनकी वजह से भी लोगों में परिवार को लेकर दिलचस्पी है। तीसरी बात यह है कि परिवार के सदस्य अपने बारे में बहुत कम बात करते हैं। इसलिए भी लोगों की जिज्ञासा बनी हुई है। इन्हीं कारणों से आम पाठक भी किताब खरीद रहा है। उसको जानना है कि भाजपा नेहरू परिवार को लेकर जो दावे करती रही है उन पर सोनिया गांधी क्या कह रही हैं।

ध्यान रहे पहले सोनिया गांधी को लेकर हावियर मोरो की किताब आई थी ‘द रेड साड़ी’। कांग्रेस के शासन में इस किताब को रिलीज नहीं होने दिया गया था क्योंकि लेखक ने खुद ही कहा था कि यह ड्रामेटाइज्ड बायोग्राफी है। यह किताब पर भी लिखा हुआ है। ऐसे ही तवलीन सिंह ने अपनी किताब ‘दरबार’ में सोनिया गांधी को लेकर बहुत कुछ लिखा है। उन्होंने पूरे परिवार के बारे में भी लिखा है। खुशवंत सिंह ने अपनी किताब ‘लव ट्रूथ एंड लिटिल मेलाइस’ में भी परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा है। हाल में आई नीरजा चौधरी की किताब ‘हाऊ प्राइम मिनिस्टर्स डिसाइड’ में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बारे में बहुत कुछ लिखा गया है। लेकिन यह पहला मौका था, जब पंडित नेहरू के बाद उनके परिवार के किसी सदस्य ने अपनी किताब लिखी। इसलिए भी इसके प्रति लोगों में ज्यादा कौतुहल दिख रहा है।

कई बार ऐसा होता है कि अफवाहों से या दुष्प्रचार से भी लोगों की एक छवि बनती है। सोनिया गांधी को लेकर जितनी तरह की अफवाहें और दुष्प्रचार हुए हैं उतने शायद ही किसी और नेता के मामले में हुए होंगे। इसलिए भी सोनिया एक ऐसा चरित्र हैं जिसके बारे में लोग ज्यादा से ज्यादा जानना चाहते हैं। उनकी मुलाकात राजीव गांधी से कैसे हुई, शादी कैसे हुई, 1977 में इंदिरा गांधी हारीं तो परिवार कैसे रहा, संजय गांधी के निधन और मेनका गांधी के घर छोड़ने का घटनाक्रम, इंदिरा गांधी की हत्या और राजीव गांधी का प्रधानमंत्री बनना, बोफोर्स कांड और 2004 में सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री नहीं बनना ये सब ऐसे मुद्दे हैं, जिनको लेकर कई कई कहानियां बाजार में प्रचलित हैं। इनमें से ज्यादातर कहानियों का जवाब सोनिया गांधी ने इस किताब में दिया है।

Exit mobile version