Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दुनिया में साजिशें चलती रहती हैं

भारत में विदेशी साजिश की बात को ऐसे बताया जा रहा है, जैसे यह कोई अभूतपूर्व बात हो यानी ऐसी बात हो, जो पहले कभी नहीं हुई है। संघ प्रमुख हों या प्रधानमंत्री दोनों ऐसे बता रहे हैं, जैसे नरेंद्र मोदी के आने के बाद दुनिया में विदेशी साजिशें चालू हुई हैं और इन साजिशों के कारण ही भारत आगे नहीं बढ़ पा रहा है। हकीकत यह है कि मोदी से पहले के सारे प्रधानमंती भी विदेशी साजिश के आरोप लगाते थे। हर प्रधानमंत्री और हर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के लिए विफलताओं का ठीकरा विदेशी साजिश पर फोड़ती रही हैं। हकीकत यह है कि एक देश के खिलाफ दूसरे देश की साजिश का मामला सनातन है। जो मजबूत होते हैं वे इन साजिशों का मुकाबला करते हैं और जो कमजोर होते हैं वे इसका रोना रोते हैं।

इसकी सबसे बड़ी मिसाल इजराइल है। अपने निर्माण के दिन से वह दुनिया के 50 से ज्यादा इस्लामिक देशों की साजिशों के निशाने पर है। इस्लामिक देश उसके वजूद को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। लेकिन इसका रोना रोने की बजाय इजराइल ने अपने को इन साजिशों का मुकाबला करने के लिए तैयार किया। उसने लिए अंतरराष्ट्रीय अलायंस बनाए और अपने को आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत किया। एक समय था, जब सोवियत संघ और अमेरिका एक दूसरे के खिलाफ साजिश करते थे। अंततः उस साजिश में अमेरिका कामयाब हुआ और उसने सोवियत संघ के टुकड़े कर दिए। आज चीन और अमेरिका एक दूसरे से बात भी कर रहे हैं और एक दूसरे के खिलाफ साजिश भी कर रहे हैं। ईरान करीब पांच दशक से इजराइल और अमेरिका के खिलाफ साजिश कर रहा है। पश्चिम एशिया के अनेक देश एक दूसरे के खिलाफ साजिशों में शामिल हैं।

इसलिए अगर भारत के खिलाफ कोई साजिश हो रही है तो यह एक सामान्य प्रक्रिया है। जरुरत इससे निपटने के उपाय करने की है। समस्या यह है कि भारत किसी भी वैश्विक खेल में शामिल ही नहीं है। वैश्विक साजिशें हर विश्व व्यवस्था का हिस्सा रही हैं। वर्ल्ड ऑर्डर कोई भी रहा हो, साजिशें हर समय चलती हैं। यह भी किसी भी वर्ल्ड ऑर्डर में भारत कोई बड़ा प्लेयर नहीं रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री जो बार बार कह रहे हैं कि नया वर्ल्ड ऑर्डर बन रहा है तो उसमें भी भारत कोई महत्वपूर्ण खिलाड़ी नहीं होगा।

Exit mobile version