Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हिंदुओं सोचो, चीन अब कहाँ!

शेनझेन शहर की 19 नवंबर 2026 की तस्वीरों को समकालीन दुनिया भुलाए नहीं भूलेगी। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बीच में खड़े हैं और अगल-बगल रूस के व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप। फिर वार्ता की मेज है। शी बीच में बैठे हैं और दोनों तरफ आमने-सामने पुतिन और ट्रंप। मानो दो बिल्लियों की लड़ाई में निर्णायक है बंदर। और बिल्लियाँ रूस व अमेरिका हैं जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बारह वर्षों से साधते-साधते उस मुकाम पर देश को ले आए हैं जो भारत न इधर है और न उधर! कहीं का भी नहीं। आखिर चीन ने तो बारह वर्षों में भारत से दुश्मनी की सभी हदें पार की हैं। उसकी अरुणाचल प्रदेश से लेकर डोकलाम, गलवान यानी लद्दाख तक की पूरी सीमा रेखा पर धौंसपट्टी जगजाहिर है। बावजूद इसके भारत का बाजार बारह वर्षों में उस पर और अधिक आश्रित है। उसका मेक इन इंडिया मात्र असेंबलिंग है।

चीन नई विश्व व्यवस्था में अगुआ हो गया है। उसी की अध्यक्षता में गुजरे सप्ताह त्रिपक्षीय बैठक हुई। अमेरिका और यूरोपीय देशों का बौद्धिक वर्ग मन ही मन आहत होगा। लेकिन ट्रंप का कोई क्या बिगाड़ सकता है? उन्होंने अपने फोटोशूट की चाह में चीन को प्रधान हो जाने का नजारा बनवा दिया। सवाल है इसके सर्वाधिक खतरे किसे हैं? या तो ताइवान को या भारत को।

तभी हमें सोचना चाहिए कि पिछले बारह वर्षों में चीन कहाँ पहुँचा और हम कहाँ? जरा इस सत्य-तथ्य पर गौर करें। 2014 में मोदी ने जापान की शिंकानसेन ई5 तकनीक पर मुंबई–अहमदाबाद हाई-स्पीड बुलेट रेल का वादा किया था। वह 2023 में चलनी थी। अब 2026 है। शायद पहला ट्रायल अगस्त 2027 में छोटे से टुकड़े सूरत–वापी पर शुरू हो। यह ट्रेन किस रफ्तार की होगी? लगभग 350 किमी/घंटा। जबकि चीन में बुलेट ट्रेन को 400 किलोमीटर प्रति घंटा चलाया जाता है। उसकी नई सीआर450 तकनीक की बुलेट ट्रेन ने 453 किलोमीटर प्रति घंटे का रिकॉर्ड बनाया है। इसी वर्ष उसकी हुबेई की डोंगहू प्रयोगशाला में मैग्लेव प्रोटोटाइप ने मात्र 5.3 सेकंड में 800 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का रिकॉर्ड बनाया। पूरे चीन में चारों तरफ बुलेट रेल नेटवर्क है।

एक और सत्य। जिस एपेक शिखर सम्मेलन के आयोजक शहर शेनझेन के फोटो दिखाई दिए हैं वह अब चीन की सिलिकॉन वैली के रूप में ख्यात है। उसने शी जिनपिंग के ही 13 वर्षों में इलेक्ट्रिक कारों, ड्रोन, दूरसंचार उपकरण और नई तकनीक की पहचान बनाई है। पूरी दुनिया शहर के विकास, भव्यता से चमत्कृत है।

ध्यान रहे भारत में भी प्रधानमंत्री मोदी ने जून 2015 में 100 शहरों को स्मार्ट सिटीज बनाने का मिशन चलाया था। वह मिशन 31 मार्च 2025 को समाप्त भी हो गया है। और बेइंतहा खर्च के बावजूद भारत के शहर क्या हैं? चीन की राजधानी बीजिंग, शंघाई से तुलना छोड़ें, भारत की राजधानी दिल्ली, बेंगलूरू, मुंबई, हैदराबाद, लखनऊ में कोई भी चीन के शेनझेन या उसकी प्रादेशिक राजधानी के मुकाबले पासंग भी नहीं है?

कह सकते हैं मोदी इस सबके लिए जिम्मेदार नहीं। आखिर एक अकेला व्यक्ति क्या-क्या करे? पर यह बात तो हर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री पर लागू है। यदि शी जिनपिंग की कमान ने चीन को दुनिया का सिरमौर बनाया है तो श्रेय शी जिनपिंग को ही मिलेगा। पुतिन, ट्रंप और शी जिनपिंग जैसे जो हैं वैसे ही आज उनके देश की दशा-दिशा व इमेज है। यथा राजा तथा प्रजा। मगर शी जिनपिंग ने कम्युनिस्ट पार्टी के एकाधिकार के बीच भी काबिलियत, काबिल अफसरों की टोली बनाकर शासन किया है। शी जिनपिंग ने 13 वर्षों में अडानी, अंबानी जैसे क्रोनी पूँजीपतियों को सिर पर नहीं बैठाया। उल्टे जो अरबपति अधिक उछल रहे थे उन्हें गुमनामी में धकेला। उन्होंने पार्टी और नौकरशाही के भ्रष्ट नेताओं और अफसरों को किनारे किया।

शी जिनपिंग ने राष्ट्रवाद, चाइनीज सभ्यता के बोध में पृथ्वी के मिडिल किंगडम के चीन महान के ख्याल में बुद्धिमानों, थिंक टैंक से ही फैसले किए। उन्हें अपने इर्दगिर्द रखा। बुद्धि, दिमाग के बूते देश चलाया। उन्होंने अपने को भगवान प्रचारित नहीं किया। दस-बीस-पच्चीस साल के विजन, कार्ययोजना से काम किया न अगले दिन की हेडलाइन बनाने में समय जाया किया। मोदी की तरह न वे जुमलेबाज हैं और न अपने प्रधानमंत्री दफ्तर से लेकर मंत्रिमंडल राज्यों में सर्विस काडरों के नकारा, निकम्मे दरबारी अफसरों से शासन चलाया। शी जिनपिंग ने हाउडी या लफ्फाजी तथा विश्व राजधानियों में चीनियों को इकट्ठा कर अपने शो नहीं किए। वे मौन व कामकाजी रहे। उन्होंने मन की बात, ख्यालों से नहीं बल्कि बुद्धि के बल से चीन को बनाया। पढ़ाई-परीक्षाएँ सख्त बनाईं। तभी चीन आज बुद्धि, शिक्षा, शोध का भी बादशाह है फिर भले असल बुद्धि हो या कृत्रिम बुद्धि एआई!

Exit mobile version