Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पटना भी होटलों में एक “हॉट ट्रैवल डेस्टिनेशन”!

हाल में ‘द इकोनॉमिस्ट’ ने जब भारत को होटलों के लिए “दुनिया का सबसे हॉट ट्रैवल डेस्टिनेशन” बताया, तो उसने शुरुआत गोवा या जयपुर से नहीं, बल्कि बिहार से की। हाँ, वही बिहार। और ख़ासतौर पर पटना में खुले नये ताज होटल से — जो गंगा के किनारे है, जहाँ नींबू पानी ज़रूरत से ज़्यादा महँगा है और सजावट बेहद न्यूनतम। वैसे लेख की टोन थोड़ी चुटीली थी, जैसे पूछ रहा हो — “भला ये किसने सोचा था?”

क्योंकि सच कहें तो, दस साल पहले पटना में ताज खोलने की कल्पना भी अकल्पनीय थी। वर्षों तक बिहार का नाम आते ही धूल, उपेक्षा और विरोध की छवि उभरती थी — एक ऐसा राज्य जो गरीब, पिछड़ा और बग़ावती माना जाता रहा। राजधानी पटना का हवाईअड्डा अभी भी जुगाड़ से चलता हुआ है और “फाइव स्टार” होटल का मतलब था दो लोकल होटल जो खुद को वही मानते थे, और जहां चुनावी सीज़न में हर वीवीआईपी, नेता और हम जैसे घूमते पत्रकार ठहरते थे। बरसों बाद अगर कोई पुराना रिपोर्टर मिलना हो, तो यकीन मानिए होटल मौर्या में वे जरूर मिल जायेगे।

मगर पिछले साल, जब लोकसभा चुनावों के दौरान लगभग एक दशक बाद मैं फिर पटना लौटी, तो शहर बदला-बदला सा लगा। अजीब तरह से नया। थोड़ा संदेहास्पद, फिर भी ताज़ा। शायद इसलिए क्यूंकि मैं कोलकाता से आई थी—एक शहर जो आज भी खुद को “सिटी ऑफ जॉय” कहता है, लेकिन वहां सिर्फ उदास आसमान, झड़ती इमारतें और एक अंतहीन अस्तित्व संकट ही मिला। वहीं पटना में चमचमाती सड़कें थीं, साफ फुटपाथ, काम करती ट्रैफिक लाइट्स और कैफ़े जहां लिट्टी-चोखा की जगह अब कैप्पुचीनो परोसे जा रहे थे। और पहली बार, मेरे पास होटल चुनने के विकल्प थे। मैंने लेमन ट्री चुना—ब्रांड के लिए नहीं, सिर्फ इसलिए कि अब चुन सकती थी। और अब तो ताज होटल भी खुल गया है।

लेकिन बात सिर्फ़ बिहार या पटना की नहीं है। बात है उस भारत की, जो अब खुद भारतियों के लिए ट्रैवल डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।

दस साल पहले छुट्टी का मतलब होता था—पेरिस, फुकेट या स्विस आल्प्स। अब देशी सैलानी देशी मंज़िलों से भी बहुत खुश हैं। नानी का घर या कोई शांत गांव, जहां नेटवर्क भी सही से नहीं आता—अब वह भी “क्यूरेटेड” और “कंटेंट-वर्दी” माना जाता है। जो कभी बैकअप प्लान लगता था, वही अब एक स्टाइल स्टेटमेंट बन गया है।

और होटल? जैसे हर सब्ज़ीवाले के ठेले पर ऐवोकाडो आ गए हों, वैसे हर छोटे-बड़े शहर में होटल उग आए हैं—भीलवाड़ा से शोलापुर और गोरखपुर से अलवर तक। लग्ज़री, बुटीक, आध्यात्मिक, सस्टेनेबल—हर रंग, हर बजट में।

इस बदलाव का असली मोड़ कोविड के बाद आया। सीमित यात्रा, डर और अनिश्चितता के दौर में भारत ही भारतीयों की मंज़िल बन गया। हिमाचल के बुटीक स्टे, राजस्थान के हेरिटेज हवेलियां, लद्दाख की मोनास्टिक वॉक्स या फोर्ट कोच्चि के कैफ़े ट्रेल्स—अब घरेलू ट्रैवल “सेकंड बेस्ट” नहीं रहा, बल्कि अब यह “बकेट लिस्ट” का हिस्सा बन गया।

इसमें इंस्टाग्राम ने भी बड़ी भूमिका निभाई। सोशल मीडिया ने भारत को देखने का लेंस ही बदल डाला। घाट ‘एस्थेटिक’ हो गए, किले बैकड्रॉप बन गए, हिल स्टेशन रहस्यमयी और ख्वाब जैसे लगने लगे। अब ये जगहें सिर्फ बुला नहीं रही थीं—लुभा रही थीं। पिछले साल सिर्फ लैंडौर और मसूरी में 20 लाख से ज़्यादा लोग पहुंचे। और संयोग नहीं है कि देसी ट्रैवलर का उदय उसी वक्त हुआ जब रील्स का भी हुआ।

सबसे अनपेक्षित ट्रेंड? धार्मिक पर्यटन। वृंदावन और मथुरा हर वीकेंड पर भीड़ से भरे रहते हैं। अयोध्या अब सिर्फ तीर्थ नहीं, रियल एस्टेट की होड़ में होटल चेन की नई मंज़िल बन चुकी है। एक दोस्त केदारनाथ से लौटी तो पूजा-पाठ की बात कम थी, बुटीक लॉज और ग्लैम्पिंग साइट्स की चर्चा ज़्यादा थी।

इस टूरिज़्म वेव को राजनीतिक माइलेज भी मिला। एक्सप्रेसवे अब सिर्फ हाइवे नहीं, घर को मंज़िल से जोड़ने वाला “ब्रिज” है। छोटे शहरों में ग्लोबल समिट, म्यूज़िक कॉन्सर्ट और क्रिकेट मैच—हर आयोजन ने एक नई पहचान गढ़ी। और यह सब केवल भावना नहीं, खर्च की ताकत से भी संचालित हुआ।

क्रेडिट कार्ड, ईएमआई, यूपीआई—हर किसी के पास “गेटअवे” प्लान करने का तरीका है। अब कोई दिल्ली में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट या धर्मशाला में आईपीएल इस वजह से नहीं छोड़ता कि “पैसे कम हैं।” बजट है, प्लान है, और ज़रूरत पड़ी तो इंस्टॉलमेंट भी है। यात्रा अब फैशन की तरह ज़रूरी है—नॉन-नेगोशिएबल।

तो जो कुछ हो रहा है, वह सिर्फ ट्रैवल ट्रेंड नहीं है। यह एक आकांक्षा की दिशा बदलना है। और इसके साथ होटल इंडस्ट्री का वरदान। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की पहली तिमाही में भारत एशिया पैसिफिक में सबसे ज़्यादा होटल निर्माण वाला देश बन गया। आने वाले 4-5 सालों में ब्रांडेड होटल रूम की संख्या में लगभग 50% की बढ़त की उम्मीद है।

हालांकि, ‘द इकोनॉमिस्ट’ की चेतावनी भी वाजिब है। भारत अभी भी टर्की, ग्रीस या कोरिया की तरह विदेशी सैलानियों को नहीं लुभा पा रहा है। कुशल श्रमिकों की कमी, फाइनेंसिंग की चुनौतियां—ये सब तकनीकी मुश्किलें हैं। लेकिन उनका सबसे बड़ा डर है—ओवरएक्सपेंशन। भारत छोटा है, ज़मीन के लिहाज़ से। अगर हर ऑफबीट जगह पर एक्सप्रेसवे और होटल बनते गए, तो बहुत जल्द ऑफबीट भी मेट्रो जैसा लगेगा।

लेकिन फिलहाल के लिए, इस पल का आनंद लें। इस सच का उत्सव मनाएं कि पटना में ताज है। और भारत में होटल विकल्प इतने हैं—छोटे, बड़े, लग्ज़री में जड़ें जमाए हुए। डेस्टिनेशन अब ऐसे हैं जहां नॉर्डिक स्टाइल होटल में कटहल बिरयानी, तुर्की सिगार और पिटा ब्रेड के साथ भाजी परोसी जाती है। और इससे ज़्यादा गर्व की बात क्या कि अब लग्ज़री का अनुभव पाने के लिए हमें विदेश नहीं देखना पड़ता।

हम अब खुद की ओर मुड़े हैं—अपने कैमरों, अपने कार्ड्स, अपनी जिज्ञासा के साथ। पहली बार, भारत बैकड्रॉप नहीं, मंज़िल है। वही मंज़िल जिसे हम सच में देखना चाहते हैं।

Exit mobile version