Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सर्वाधिक प्रदूषित 10 शहर एनसीआर में

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए गर्व का मौका है कि दिवाली के दिन जो तमगा हाथ से फिसल गया था वह वापस मिल गया है। दिवाली के दिन उनकी पार्टी के शासन वाले पंजाब ने दिल्ली को पछाड़ दिया था। हरियाणा का अंबाला पहला और पंजाब का अमृतसर दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा था। दिल्ली तीसरे स्थान पर फिसल गई थी। लेकिन केजरीवाल खुश हो सकते हैं कि दिल्ली ने अपना पहला स्थान वापस हासिल कर लिया है। दिल्ली अब देश का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर है। यह आंकड़ा भी आ गया है कि दिल्ली से गुजरने के क्रम में यमुना नदी का 33 किलोमीटर का हिस्सा लगभग पूरी तरह से मृत हो गया है।

बहरहाल, अक्टूबर महीने के ताजा आंकड़े के मुताबिक देश के सर्वाधिक 10 प्रदूषित शहर अब राष्ट्रीय राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी भी गर्व कर सकती है। देश के सर्वाधिक 10 प्रदूषित शहरों में दिल्ली के अलावा तीन शहर हरियाणा के हैं और बाकी छह शहर उत्तर प्रदेश के हैं। हरियाणा में गुड़गांव, चरखी दादरी और बहादुरगढ़ सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में शामिल हैं। उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, हापुड़ और मुजफ्फरनगर सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में शामिल हैं। यह स्थिति तब है, जब अदालत के आदेश के हिसाब से 15 अक्टूबर को ही दिल्ली और एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप का पहला चऱण लागू कर दिया गया था। नवंबर का आंकड़ा तो और भयावह हो सकता है।

Exit mobile version