पश्चिम बंगाल के लोग सबसे ज्यादा जिस बात को लेकर सावधान रहते हैं वह उनकी संस्कृति और भाषा है। तभी भाजपा को वहां चुनाव जीतने के लिए इतना प्रयास करना पड़ा। नरेंद्र मोदी और अमित शाह को तीसरे प्रयास में वहां कामयाबी मिली। इसके लिए चुनाव में वादा करना पड़ा कि बंगाल की संस्कृति का पूरा ख्याल रखा जाएगा और उस पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। लेकिन शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से लगातार बांग्ला संस्कृति और भाषा दोनों किनारे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री सहित भाजपा के ज्यादातर नेता अब हिंदी में भाषण भी देने लगे हैं और हिंदी में प्रेस को एड्रेस करने लगे हैं। इसके अलावा संस्कृति, पूजा पाठ आदि को लेकर भी नए घटनाक्रम होने लगे हैं।
ताजा मामला कोलकाता के न्यू टाउन में तिरूपति बालाजी मंदिर के निर्माण की खबर है। बताया जा रहा है कि अंबानी परिवार इसका निर्माण कराएगा। न्यू टाउन में इसके लिए सरकार 17 एकड़ जमीन देगी। मुकेश और अनंत अंबानी से मिलने के बाद खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसका ऐलान किया। ध्यान रहे न्यू टाउन में ही ममता बनर्जी का बनवाया दुर्गा आंगन है। ममता ने दुर्गा आंगन, जगन्नाथ धाम और महाकाल का मंदिर बनवाया तो भाजपा तिरूपति बालाजी का मंदिर बनवा रही है। बंगाल में वैष्णव परंपरा में सिर्फ जगन्नाथ की पूजा होती है वह भी चेतन्य महाप्रभु के असर के कारण। लेकिन भाजपा की ओर से शैव व शाक्त परंपरा के बरक्स लगातार वैष्णव परंपरा स्थापित करने की कोशिश हो रही है। इसी क्रम में लगातार खानपान को नियंत्रित करने का प्रयास हो रहा है। पिछले दिनों बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री कथा कहने गए थे तो दुर्गापूजा के दौरान मांस, मछली नहीं खाने की अपील की थी, जिस पर काफी विवाद हुआ था और अब छठ के समय मांस, मछली की दुकानें बंद कराने का निर्देश जारी किया गया।
