Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा नेताओं को पीछे छोड़ रहे हैं सेना प्रमुख

पाकिस्तान को लेकर इतिहास और भूगोल की बात भाजपा और संघ के नेता करते रहे हैं। भाजपा और आरएसएस के नेता हमेशा कहते रहे हैं कि क्या करें खराब पड़ोसी मिल गया है। इसके आगे वे कहते हैं कि इतिहास बदला जा सकता है लेकिन भूगोल नहीं। हालांकि यह गलत है। असल में इसका उलटा होता है। इतिहास नहीं बदला जा सकता है। बड़े नेता भूगोल बदलते हैं। इंदिरा गांधी ने भूगोल बदला था। बिस्मार्क से लेकर हेलमुट कोल और माओ से लेकर व्लादिमीर पुतिन तक सबने भूगोल बदला है। लेकिन भाजपा के नेता भूगोल की बजाय इतिहास बदलने की बात करते हैं। अब इससे आगे बढ़ कर इतिहास और भूगोल की बात सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ले आए हैं।

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी इसी साल जुलाई में रिटायर होने वाले हैं। यानी उनकी सेवा अब दो महीने बची हई है। उससे पहले उन्होंने पाकिस्तान को धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान सोच ले कि उसे इतिहास में दफन होना है या भूगोल में रहना है। उनका कहना था कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देता रहेगा तो भारत उसको भूगोल से मिटा देगा। यह बड़ी बात है। आधुनिक युग में किसी देश के कुछ खास इलाके को अपने देश में मिला कर उसका भूगोल मिटाने की मिसाल तो है लेकिन पूरा देश ही मिट जाए या पूरे देश को कोई देश अपने में मिला ले ऐसा नहीं हुआ है। भारत भी पाकिस्तान के साथ ऐसा कुछ नहीं कर सकता है और करने का इरादा भी नहीं है। लेकिन जनरल साहब रिटायर हो रहे हैं तो उन्होंने इतनी बड़ी बात कही, जो दिन रात पाकिस्तान को मिटाने की बात करने वाले नेताओं और लोगों के एक समूह को भी अच्छी लगी लोगी। अब देखते हैं कि जुलाई के बाद क्या होता है?

Exit mobile version