Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

केजरीवाल के डर दिखाने का क्या मतलब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ज्यादा डर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिखा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा है कि उनके बाद दो और मुख्यमंत्री  गिरफ्तार हो सकते हैं। उनके हिसाब से केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गिरफ्तार किया जा सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह भी मैसेज दिया कि उनकी वजह से ये दोनों नेता बचे हुए हैं। उनका कहना है कि अगर वे इस्तीफा दे देते तो इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाता। हालांकि इस बात का कोई आधार नहीं है कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया इसलिए पिनरायी और ममता की गिरफ्तारी नहीं हुई।

असलियत तो यह है कि ममता के खिलाफ कोई मुकदमा भी नहीं है। उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ जरूर मुकदमा है। माना जा रहा है कि अभिषेक और उनकी पत्नी सहित उनके ससुराल के कुछ लोग गिरफ्तार हो सकते हैं। लेकिन ममता की गिरफ्तारी की तो कहीं कोई चर्चा नहीं है। फिर भी केजरीवाल ने जबरदस्ती ममता को गिरफ्तारी का डर दिखाया। इसी तरह पिनरायी की बेटी के खिलाफ जांच चल रही है। एक मामले में पिनरायी भी निशान पर हैं लेकिन उनकी भी गिरफ्तारी का कोई मामला अभी तत्काल नहीं है। इसी तरह से केजरीवाल ने  तेजस्वी यादव को भी गिरफ्तारी का भय दिखाया। हालांकि उनकी गिरफ्तारी की बात को खुद प्रधानमंत्री ने कह दी है तो उसमें कुछ कहने की जरुरत नहीं है। बहरहाल, विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी का भय दिखाने का केजरीवाल का मकसद विपक्ष के नेताओं को अपने पीछे एकजुट करने का है।

Exit mobile version