महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे करने पर पूरे पेज का विज्ञापन छपवा कर बधाई देने वाले दूसरे नेता अशोक मित्तल हैं। पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के मालिक और हाल ही में आम आदमी पार्टी से पाला बदल कर भाजपा में शामिल हुए मित्तल ने देश के कई प्रमुख अंग्रेजी अखबारों में विज्ञापन दिया है। गौरतलब है कि मित्तल जब तक आप में थे, तब तक अपना फिरोजशाह रोड का बंगला अरविंद केजरीवाल को रहने के लिए दिया था।
फिर एक दिन उनके यहां केंद्रीय एजेंसी, ईडी का छापा पड़ा और अचानक केजरीवाल से उनका मोहभंग हो गया। वे पाला बदल कर भाजपा में चले गए। उनके साथ आप के 10 में से सात राज्यसभा सांसद भाजपा में गए हैं। हालांकि उसके बाद भी उनकी समस्या समाप्त नहीं हुई हैं। अब पंजाब में आए दिन कुछ न कुछ होता रह रहा है। पिछले दिनों उनके लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एक छात्रा से बलात्कार की अफवाह उड़ी, जो दंगों में बदल गई। 10 दिन तक यूनिवर्सिटी बंद करनी पड़ी। मित्तल के करीबी राज्य सरकार पर दोष डाल रहे हैं।
