Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विपक्ष को एकजुटता का भरोसा

एक तरफ केंद्र सरकार और भाजपा के संसदीय प्रबंधक दावा कर रहे हैं कि उन्होंने महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन के लिए पर्याप्त समर्थन जुटा लिया है तो दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी दावा कर रही है कि विपक्षी गठबंधन एकजुट है और सरकार को दो तिहाई बहुमत नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि सरकार के सूत्रों का कहना है कि एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके और शरद पवार की एनसीपी इस मामले में सरकार का साथ देने को तैयार हैं। पिछले दिनों शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने परिसीमन बिल के पक्ष में बयान भी दिया। हालांकि उनकी पार्टी के नेताओं ने ही इस पर सवाल उठा दिए। खुद सुप्रिया सुले के बयान भी गाहे बगाहे बदलते रहते हैं।

सरकार के दो तिहाई बहुमत का इंतजाम कर लेने की खबरों के बीच विपक्ष की ओर से एकजुटता का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस के महासचिव और संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा है कि पूरा विपक्ष एकजुट है। उन्होंने यह भी कहा कि डीएमके और शरद पवार की एनसीपी भी सरकार के साथ है। अगर ऐसा है तो इसका अर्थ है कि सरकार दो तिहाई बहुमत से अभी दूर है और इसी वजह से संसद के सत्र में देरी की जा रही है। वैसे इन दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद भी सरकार को आठ से नौ सांसद कम प़ड़ रहे हैं। लेकिन ये दोनों साथ आ जाएंगे तो सरकार का काम बन जाएगा। सरकार के सूत्रों का दावा है, जिनके हवाले से पिछले दिनों खबर भी आई थी कि, सरकार के पास दो तिहाई बहुमत से 15 से 20 सांसद ज्यादा हैं। अगर ऐसा है तो सरकार देरी क्यों कर रही है? इसका कोई जवाब नहीं है।

Exit mobile version