Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा को सीट बंटवारे में ज्यादा मुश्किल

कांग्रेस और सपा के नेताओं से जहां भी पूछा जा रहा है कि उनके बीच सीट बंटवारे की बात कब तक फाइनल होगी तो उनकी तरफ से पलट कर यह सवाल पूछा जा रहा है कि क्या भाजपा ने सहयोगी पार्टियों के साथ सीट का बंटवारा कर लिया है? सवाल जायज है। कोई भी भाजपा से यह सवाल नहीं पूछ रहा है कि उसके पास चार छोटी सहयोगी पार्टियां हैं, जिनके साथ सीटों का बंटवारा करना है और ऊपर से बिहार की दो सहयोगी पार्टियां लोजपा व जनता दल यू भी टिकट की मांग कर रहे हैं तो भाजपा कैसे सबको एडजस्ट करेगी? यह बहुत अहम सवाल इसलिए है क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले भाजपा की दो सहयोगी पार्टियां बढ़ गई हैं।

पिछले चुनाव में भाजपा दो सहयोगी पार्टियों के साथ लड़ी थी। उसकी पुरानी सहयोगी पार्टी अपना दल सोनेलाल उसके साथ थी और संजय निषाद की निषाद पार्टी उसके साथ थी। दूसरी ओर ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल ने सपा के साथ मिल कर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस अकेले लड़ी थी। भाजपा ने अपना दल और निषाद पार्टी के लिए 27 सीटें छोड़ी थीं। खुद वह 376 सीटों पर लड़ी थी। लेकिन इस बार रालोद और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लिए भी सीट छोड़नी है। जयंत चौधरी 30 से कम सीट पर राजी नहीं हो रहे हैं तो राजभर भी कम से कम 15 सीट मांग रहे हैं। संजय निषाद ने भी मांग बढ़ाई है। दूसरी ओर भाजपा साढ़े तीन सौ से कम सीट पर नही लड़ना चाह रही है। उसे 53 सीटों में सभी पार्टियों को एडजस्ट करना है। यह मुश्किल लग रहा है। सो, कांग्रेस और सपा के मुकाबले भाजपा के गठबंधन में सीट बंटवारा ज्यादा मुश्किल होने वाला है।

Exit mobile version