भारतीय जनता पार्टी क्या इस बार विधानसभा चुनाव 2017 के फॉर्मूले पर लड़ना चाहती है? 2017 में भाजपा ने चुनाव से पहले किसी को मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित नहीं किया था। केशव प्रसाद मौर्य तब प्रदेश अध्यक्ष थे और माना जा रहा था कि अगर भाजपा जीती तो मौर्य मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि इसकी भी घोषणा नहीं हुई थी। भाजपा ने सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा और सामान्य वर्ग के अपने मतदाताओं के साथ साथ गैर यादव पिछड़ी जातियों को यह मैसेज दिया कि उनका भी मुख्यमंत्री बन सकता है। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने खुद अपनी पिछड़ी जाति की पहचान को जम कर भुनाया। जब सरकार बनी तो पहले मनोज सिन्हा का नाम चला और अंत में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने। अगला चुनाव योगी के चेहरे पर लड़ा गया। भाजपा की सीटें तो कम हुईं लेकिन लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।
इस बार ऐसा लग रहा है कि योगी आदित्यनाथ का चेहरा नहीं घोषित करना चाहती है। तभी पिछले कुछ महीनों से लगातार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आगे किया गया है। हिंदुत्व के मुद्दे पर भी मीडिया से वे बात कर रहे हैं और चुनावी मुद्दों पर भी वे ही बाइट दे रहे हैं। उनसे ही कहलवाया गया है कि भाजपा इस बार मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करके नहीं लड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस समय योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं लेकिन चुनाव के बाद तय होगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक तय करेंगे कि भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कौन बनेगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव में कमल का फूल ही सीएम का चेहरा होगा। इस बयान के बाद मजबूरी में योगी आदित्यनाथ को भी कहना पड़ा कि कमल का फूल ही चेहरा है। उन्होंने कहा कि वे खुद भी कमल के फूल छाप पर ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी कह दिया कि कौन क्या है ये सब जानते हैं। यानी वे मुख्यमंत्री हैं और केशव प्रसाद मौर्य उप मुख्यमंत्री हैं, यह सब जानते हैं।
यह सही है कि सब जानते हैं कि कौन क्या है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतना है। उनको किसी चेहरे से मतलब नहीं है। तभी नई रणनीति पर काम हो रहा है। असल में भाजपा को लग रहा है कि पूरे देश में पिछड़ी और अति पिछड़ी जातियों में जो चेतना आई है और प्रतिनिधित्व को लेकर उनकी जैसी भूख बढ़ी है उसमें योगी के चेहरे पर चुनाव लड़ना नुकसानदेह हो सकता है। भाजपा को कहीं न कहीं इस बात की भी चिंता सता रही है कि हिंदुत्व का मुद्दा बहुत प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रहा है। उसके ऊपर जातीय विभाजन हावी है। इस खेल में अखिलेश यादव बहुत माहिर हैं। यह सही है कि भाजपा के गठबंधन में अपना दल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, निषाद पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल शामिल हैं। ये पार्टियां कुर्मी, राजभर, निषाद और जाट का प्रतिनिधित्व करती हैं। भाजपा वैसे खुद भी सामान्य वर्ग के साथ साथ गैर यादव पिछड़ी जातियों का प्रतिनिधित्व करती है। फिर भी लोकसभा चुनाव के पैटर्न को देखते हुए भाजपा रणनीति बना रही है। वह नहीं चाहती है कि संविधान या आरक्षण के नाम पर अति पिछड़ी जातियां टूटें। तभी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तब सब भरोसा दिला रहे हैं कि कांग्रेस और सपा कुछ भी कहें भाजपा आरक्षण खत्म नहीं करेगी, बल्कि इसमें बढ़ोतरी करके दम लेगी।
