Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा का आदिवासी व यादव वोटो पर भरोसा!

क्या भारतीय जनता पार्टी इस भरोसे में है कि उसे हर हाल में आदिवासी और यादव वोट मिलेंगे? केंद्रीय एजेंसियों खास कर ईडी की जैसी कार्रवाई बिहार में लालू प्रसाद यादव के परिवार के खिलाफ और झारखंड में हेमंत सोरेन के खिलाफ चल रही है उससे क्या भाजपा को यादव और आदिवासी वोट का नुकसान नहीं दिख रहा है? ध्यान रहे बिहार में भाजपा ने राजनीतिक अभियान चला कर लालू प्रसाद की पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया है। अब केंद्रीय एजेंसियों का शिकंजा उनके परिवार के सदस्यों पर कस रहा है। दूसरी ओर झारखंड में तो हेमंत सोरेन न सिर्फ मुख्यमंत्री पद से हटाए गए हैं, बल्कि गिरफ्तार हो गए हैं। फिर भी भाजपा को लग रहा है कि लोकसभा चुनाव में बिहार में यादव और झारखंड में आदिवासी उसे वोट देंगे।

सवाल है कि इस भरोसे का आधार क्या है? भाजपा के एक जानकार नेता का कहना है कि कुछ दिन पहले तक हेमंत सोरेन का दावा था कि वे इकलौते आदिवासी मुख्यमंत्री हैं। लेकिन भाजपा ने पिछले साल के चुनाव के बाद छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बना दिया। झारखंड से सटे छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री और आदिवासी राष्ट्रपति के सहारे भाजपा भरोसे में है। इसी तरह मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री बना कर भाजपा ने उम्मीद बांधी है कि बिहार में यादव वोट मिलेगा। ध्यान रहे विधानसभा चुनाव में चाहे जो होता हो लेकिन लोकसभा चुनाव में यादव व आदिवासी वोट भाजपा को मिलता है। लेकिन क्या आदिवासी नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करने के बाद भी वह वोट मिलेगा? इसमें संदेह है। झारखंड में भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को अध्यक्ष बनाया है और वे मुख्यमंत्री पद के अघोषित दावेदार भी हैं लेकिन हेमंत की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी वोट उनके साथ ज्यादा मजबूती से जुड़ेगा। इसी तरह अगर लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ कार्रवाई होती है तो यादव मतदाता लोकसभा चुनाव में भी राजद के पक्ष में एकजुट होंगे।

Exit mobile version