Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ब्रजभूषण शरण सिंह का हरियाणा में शक्ति प्रदर्शन

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के नेता ब्रजभूषण शरण सिंह ने हरियाणा में शक्ति प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने बिहार में शक्ति प्रदर्शन किया था और उससे पहले उत्तर प्रदेश में किया था। एक समय ऐसा लग रहा था कि महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन शोषण के आरोपों की वजह ब्रजभूषण शरण का करियर समाप्त हो जाएगा। लेकिन अब वे पहले से ज्यादा ताकतवर हो गए दिखते हैं। गौरतलब है कि हरियाणा की महिला पहलवानों ने उनके खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया था। उसके बाद से इस मामले को हरियाणा बनाम उत्तर प्रदेश और जाट बनाम राजपूत का नाम भी दिया गया था। महिला पहलवानों का समर्थन कई दूसरे पहलवान कर रहे थे और दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी कर रहे थे।

सोमवार, सात जुलाई को चरखी दादरी की एक महिला पहलवान रचना परमार को सम्मानित करने का कार्यक्रम था। इसका आयोजन राजपूत महासभा की ओर से किया गया था। ब्रजभूषण शरण सिंह इसमें मुख्य अतिथि थे। उनके अलावा भाजपा विधायक सुनील सांगवान और भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह को भी बुलाया गया था। दोनों जाट समुदाय के हैं। दोनों गए भी लेकिन ब्रजभूषण शरण सिंह के आने से पहले ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। पहले कहा जा रहा था कि ब्रजभूषण सिंह का विरोध होगा। लेकिन वे गए और राजपूत समाज ने उनका भव्य स्वागत किया। इससे पहले बिहार में उन्होंने अपनी ताकत दिखाई थी, जहां उन्होंने अपने दामाद विशाल सिंह को बिहार सहकारिता समिति का अध्यक्ष बनवाया। राजद के सुनील सिंह को हरा कर विशाल सिंह अध्यक्ष बने। इससे पहले ब्रजभूषण शरण सिंह ने अपने बेटे करण सिंह को अपनी सीट से लोकसभा का सांसद बनवाया।

Exit mobile version